बूंदी जिलास्तरीय अधिकारियों की बैठक, मंत्री दिलावर का निर्देश:विद्यालयों में अनिवार्य रूप से हो सूर्य नमस्कार, गांव में रात्रि विश्राम करें अधिकारी
एनसीआई@बूंदी
शिक्षा एवं पंचायतीराज विभाग मंत्री मदन दिलावर ने निर्देश दिए कि जिले के विद्यालयों में अनिवार्य रूप से सूर्य नमस्कार हो, इसकी सभी तैयारियां पूरी रखें। साथ ही अधिकारियों को महीने में चार दिन गांवों में रात्रि विश्राम करने की हिदायत भी दी। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याओं की जानकारी लेकर उनका निस्तारण कर राहत देने को कहा।
मंत्री दिलावर शनिवार को बूंदी सर्किट हाउस में जिलास्तरीय अधिकारियों की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। यहां उन्होंने राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं व कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की व आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण विकास तथा शिक्षा विभाग की योजनाओं की विस्तार से समीक्षा भी की।
एक गांव में बार-बार रात्रि विश्राम नहीं करें
दिलावर ने यहां साफ किया कि एक गांव में बार-बार रात्रि विश्राम नहीं हो। शाम 6 बजे गांव में पहुंचने के बाद अगली सुबह 6 बजे ही गांव से प्रस्थान किया जाए। इस अवधि के दौरान अधिकारी उन्हें प्राप्त होने वाली शिकायतों का समाधान करना सुनिश्चित करें।
मंत्री दिलावर ने यह निर्देश भी दिए कि राज्य सरकार की मंशानुरूप आमजन की समस्याओं का समाधान हो और उन्हें राहत मिले। गांवों में आयोजित रात्रि चौपाल का रिकॉर्ड संधारण करने को भी कहा। गांवों में सर्वांगीण विकास के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। जिस मद की राशि है, उसी मद में खर्च की जाए। ऐसा नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाई जाए।
घुमंतू परिवारों के लिए लगाएं शिविर
दिलावर ने निर्देश दिए कि जिले में ऐसे घुमंतू परिवार, जिन्हें अभी तक पट्टे नहीं मिल पाए हैं, उनके लिए आगामी बसंत पंचमी को शिविर आयोजन कर पट्टे वितरित किए जाएं। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 150-200 पौधों पर एक केयर टेकर लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि नष्ट हो जाने वाले पौधे के स्थान पर नया पौधा लगाया जाए।
गांवों में साफ-सफाई पर दें विशेष ध्यान
पंचायतीराज मंत्री ने निर्देश दिए कि गांवों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। नालियों की नियमित रूप से साफ-सफाई हो। इसके अलावा राजस्थान को प्लास्टिक मुक्त बनाने के दृष्टिगत गांवों को भी प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में कार्य योजना बनाकर काम करें। उन्होंने कहा कि राजकीय कार्यालयों, कार्यक्रम व दैनिक जीवन में प्लास्टिक का उपयोग प्रतिबंधित रहे, ताकि पर्यावरण संरक्षरण को बढ़ावा मिले। पॉलीथिन का उत्पादन करने वालों को इसके दुष्परिणामों की जानकारी देकर उन्हें उत्पादन नहीं करने के लिए समझाइश करें। साथ ही आमजन को भी इसका उपयोग नहीं करने के लिए समझाएं।
बैठक में ये भी रहे मौजूद
बैठक में पूर्व विधायक अशोक डोगरा, जिला कलक्टर अक्षय गोदारा, जिला प्रमुख चन्द्रावती कंवर, नगर परिषद की सभापति सरोज अग्रवाल, पूर्व विधायक ओम प्रकाश शर्मा, पूर्व जिला प्रमुख राकेश बोयत, सीईओ रवि वर्मा, एसीईओ बीआर जाट, सीडीईओ महावीर शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र व्यास, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी ओम गोस्वामी आदि अधिकारी भी मौजूद रहे।
