April 24, 2026

News Chakra India

Never Compromise

प्रधानमंत्री मोदी ने किया बूंदी के पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन का लोकार्पण, 8.15 करोड़ आई है लागत, लोकसभा अध्यक्ष बिरला बोले: बूंदी को मिल रही नई पहचान, विरासत और विकास का प्रतीक बना नया स्टेशन

प्रधानमंत्री मोदी ने किया बूंदी के पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन का लोकार्पण, 8.15 करोड़ आई है लागत, लोकसभा अध्यक्ष बिरला बोले: बूंदी को मिल रही नई पहचान, विरासत और विकास का प्रतीक बना नया स्टेशन

• बिरला ने बूंदीवासियों की ओर से प्रधानमंत्री का जताया आभार, बूंदी‌ स्टेशन पर बजट होटल के निर्माण का भी बताया प्रस्ताव
• दावा किया: पर्यटन के क्षेत्र में देश का प्रमुख शहर बनेगा बूंदी

एनसीआई@बूंदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को अमृत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किए गए देशभर के 103 रेलवे स्टेशनों का बीकानेर से वर्चुअली लोकार्पण किया। इनमें कोटा मंडल का बूंदी रेलवे स्टेशन भी शामिल रहा। इस अवसर पर बूंदी रेलवे स्टेशन पर भी लोकार्पण समारोह आयोजित हुआ। इसमें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला व बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा भी शामिल हुए। बूंदी स्टेशन 8.15 करोड़ रुपए से पुनर्विकसित किया गया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जैसे ही वर्चुअली पुनर्विकसित बूंदी स्टेशन का लोकार्पण किया, कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियों व हर्ष ध्वनि के साथ खुशी जताई। इसके इसके बाद पूरे समय सभी ने ध्यान से प्रधानमंत्री के सम्बोधन को सुना और बीच-बीच में तालियां बजाकर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की। अपने ओजस्वी सम्बोधन में जैसे ही मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत की सेना को मिली उपलब्धि का वर्णन करना शुरू किया और पाकिस्तान को ललकारा तो सभा स्थल का माहौल ही बदल गया। प्रधानमंत्री के साथ इस कार्यक्रम में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, अर्जुन राम मेघवाल, राज्य की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी व प्रेम चंद बैरवा भी मौजूद रहे।

स्टेशन हो या ट्रेन, यात्रियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

लोकार्पण समारोह के बाद मीडिया के माध्यम से लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने क्षेत्रवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का धन्यवाद व्यक्त किया। साथ ही कहा कि देश के रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलें, पीने का पानी हो, स्वच्छ शौचालय हो। बूंदी स्टेशन पर एक बजट‌ होटल का प्रस्ताव भी है। यात्रियों की संख्या इस अनुकूल हुई तो बजट होटल भी बनेगा, ताकि गांवों-दूर दराज के क्षेत्रों से देर रात्रि में भी आने वाले यात्रियों को ठहरने की सुविधा मिल सके। अभी यात्री विश्राम की बुनियादी आवश्यकताओं को पूरा करने का प्रयास किया गया है। आने वाले समय में चाहे स्टेशन हो या ट्रेन, सभी जगह यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। नई ट्रेनें इन्हीं के अनुरूप बनाई जा रही हैं।

विरासत को संजोते हुए होगा आधुनिक विकास

एक प्रश्न के जवाब में लोकसभा अध्यक्ष ने कहा, बूंदी अपने इतिहास, शौर्य, विरासत, संस्कृति के लिए दुनियाभर में जानी जाती है। रेलवे स्टेशन के साथ बूंदी के अन्य विकास में भी इन्हें संजोते हुए, आधुनिक विकास करेंगे। इससे बूंदी देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए महत्वपूर्ण स्थान बन सकेगी। मैं पहले कह चुका हूं कि आने वाले समय में बूंदी पर्यटन के क्षेत्र में देश का महत्वपूर्ण शहर होगा। यहां जो पर्यटक आएंगे वे जंगल सफारी करेंगे, तालाब में नौकायन करेंगे, यहां के किले, बावड़ियों, चित्रकला आदि विरासतों को देखेंगे। बूंदी का अद्भुत विकास होगा। चाहे खेल हो, स्वास्थ्य हो, शिक्षा हो, पर्यटन हो या बुनियादी ढांचा हो, आने वाले समय में बूंदी की तस्वीर बदलने वाली है। इससे बूंदी का आर्थिक विकास भी संभव हो सकेगा।

बूंदी को संवारने का है हमारा लक्ष्य

बिरला ने कहा, अमृत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित बूंदी रेलवे स्टेशन आधुनिक विकास और सांस्कृतिक विरासत के अद्वितीय संगम का प्रतीक है। यह स्टेशन न केवल एक आधुनिक सुविधायुक्त यात्री केन्द्र है, बल्कि यह नए भारत की नई सोच, नई दृष्टि और प्रगति की तस्वीर भी प्रस्तुत करता है। पर्यटन में विकास की दिशा में कई बड़े कार्य हुए हैं और कई जारी हैं। विरासत के साथ विकास, इसी संकल्प के साथ बूंदी को संवारने का हमारा लक्ष्य है।

निरंतर बेहतर हो रही रेल कनेक्टिविटी

लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने आगे कहा, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देशभर में रेल नेटवर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है और यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल रही हैं। बीते 11 वर्षों में कोटा-बूंदी क्षेत्र में प्रमुख और उप-नगरीय रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास हुआ है। नई रेल सेवाओं और मेमू ट्रेनों के संचालन से आवागमन आसान हुआ है। बूंदी में वंदे भारत के ठहराव से पर्यटन को बल मिलेगा। कोटा, रामगंजमंडी, मोड़क, केशोरायपाटन, बूंदी, कापरेन, दीगोद और अरनेठा जैसे स्टेशनों पर 14 ट्रेनों के ठहराव से यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिली है।

यात्रियों को मिलेगी आधुनिक सुविधाएं

बूंदी रेलवे स्टेशन को 8.15 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक स्वरूप दिया गया है। इसमें सुविधा, सुंदरता और विरासत का समन्वय दिखाई देता है। भव्य प्रवेश द्वार, आकर्षक फसाड, हाई मास्ट लाइटिंग, आधुनिक प्रतीक्षालय, नया टिकट काउंटर, स्वच्छ मॉडर्न टॉयलेट, दिव्यांगजन के लिए सुगम रेम्प जैसी सुविधाएं शामिल की गई हैं।  स्टेशन को पूरी तरह दिव्यांगजन-फ्रेंडली बनाया गया है, ताकि सभी यात्रियों को सहज, सुरक्षित और आधुनिक परिवेश में यात्रा का अनुभव मिल सके।

लोकार्पण समारोह में ये गणमान्य रहे मौजूद

बूंदी स्टेशन पर आयोजित लोकार्पण समारोह में बूंदी नगर परिषद की सभापति सरोज अग्रवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष रामेश्वर मीणा, शहर अध्यक्ष राजकुमार शृंगी, पूर्व विधायक ओम प्रकाश शर्मा डिंगल, पूर्व जिला अध्यक्ष कुंज बिहारी बीलिया व कालू लाल जांगिड़‌, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य डॉ. सत्यनारायण गौतम, तालेड़ा प्रधान राजेश राजपुरिया, पूर्व जिला प्रमुख राकेश बोयत, पार्षद रामराज अजमेरा, माटूंदा के पूर्व सरपंच महेंद्र शर्मा, संजय लाठी, निर्मल मालव, गणेश भाया, रुपेश शर्मा, गौरव शर्मा, संजय भूटानी, त्रिलोक कुमावत, द्वारका मंत्री, पुरुषोत्तम नुवाल, राजेश शेरगढ़िया, आशा मीणा, बृजबाला गुप्ता, ललिता नुवाल, नूपुर मालव, मीनू शर्मा, साधना शृंगी, पेंशु सिंह, भगवान लाडला, भरत शर्मा, एडवोकेट हरीश गुप्ता, शिव पंचोली हिंडोली, राधे श्याम गुर्जर‌ तालेड़ा, नीरज पुरोहित, मुकेश जैन आदि सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। रेलवे के अधिकारी भी मंचासीन रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.