पहले दोस्तों संग जमकर खाया-पिया, वेटर बिल लाया तो बोला-विधायक का बेटा हूं, बार को सील करवा दूंगा, मचाया बवाल
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद का यह मामला है। भाजपा विधायक पिता ने कहा-बेटा बीमार, जन्मदिन की पार्टी थी। 11 हजार रुपए बिल आया था, चुका दिया था। मामले को बेकार तूल दिया जा रहा है।
एनसीआई@मुरादाबाद
मुरादाबाद में एक भाजपा एमएलसी के बेटे ने सोमवार रात बार में दोस्तों की पार्टी रखी। सभी ने जमकर पनीर टिक्का, पनीर बटर मसाला, भट्टी का मुर्ग, मुर्ग टिक्का खाया। साथ ही जमकर शराब पी। मगर जब वेटर बिल लेकर आया और पैसे मांगे तो विधायक का बेटा बोला- ‘मुझे नहीं जानते क्या? मैं विधायक का बेटा हूं, बिल नहीं देता, अगर ज्यादा बोलोगे तो बार को सील करवा दूंगा … मिलाऊं फोन।’
जो मामला सामने आया है उसके अनुसार भाजपा एमएलसी गोपाल अंजन के बेटे क्षितिज ने एक बार में अपनी बर्थडे पार्टी रखी थी। इसमें वह पिता के पीए सुमित कुमार और 10-12 दोस्तों के साथ शामिल हुआ। करीब दो घंटे तक यह पार्टी चली।
पार्टी खत्म होने पर वेटर बिल लेकर पहुंचा। बिल देखकर विधायक का बेटा गुस्से से आग-बबूला हो गया। उसने कहा, मैं विधायक बेटा हूं। बिल नहीं देता। इसके अलावा उसने कहा कि अभी फूड इंस्पेक्टर को फोन करता हूं, दो मिनट में बार बंद करवा दूंगा। इसके बाद बिल को लेकर एमएलसी के बेटे क्षितिज और बार स्टाफ के बीच कहासुनी हो गई।

बार मैनेजर मिथुन के मुताबिक, क्षितिज ने आते ही हुक्का मांगा, जो बार में उपलब्ध नहीं था। इनकार करने पर उन्होंने बीयर, चिकन और अन्य डिश ऑर्डर कीं। करीब दो घंटे की पार्टी के दौरान फिर से हुक्का की मांग की गई। मना करने पर क्षितिज ने स्टाफ को खरी-खोटी सुनाई। पार्टी खत्म होने पर जब वेटर 10 हजार 976 रुपए का बिल लेकर पहुंचा तो क्षितिज और एमएलसी के पीए सुमित कुमार का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। दोनों ने हंगामा शुरू कर दिया। शांत कराने की कोशिश में वेटर से मारपीट हुई, उसके कपड़े फट गए।

हंगामा यहीं नहीं थमा। पीए सुमित ने फूड इंस्पेक्टर को फोन कर बार की चेकिंग और बंद करने की बात कही। साथ ही बिल ज्यादा होने की शिकायत की। इसके बाद किसी अधिकारी का फोन बार मैनेजर के पास आया। क्षितिज ने धमकी दी, “सुबह 4 बजे तक तुम्हारा बार बंद हो जाएगा।” इसके बाद ये चले गए।
घटना की सूचना पर बार संचालक रोहित सूरी मौके पर पहुंचे और मझोला थाने में तहरीर दी। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपे हैं। फिलहाल तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया था।

एमएलसी ने कहा-आरोप गलत
दूसरी ओर, एमएलसी गोपाल अंजन ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया। उनका कहना है कि उनका बेटा बीमार है, हाल ही में उसका ऑपरेशन हुआ और स्टेंट डाला गया है। जन्मदिन की पार्टी में 11 हजार रुपए का बिल आया, जिसे उनके बेटे ने मौके पर ही चुका दिया। एमएलसी ने बार संचालक से बात करने का दावा करते हुए कहा कि यह मामला अनावश्यक रूप से तूल पकड़ रहा है।
