सोनू सूद से जुड़े मामले में जयपुर की इंफ्रास्ट्रक्चर कम्पनी पर आयकर छापा, सूद की पार्टनरशिप वाली कम्पनी से 175 करोड़ का संदिग्ध लेन-देन मिला, राजस्थान के कांग्रेस नेता से भी जुड़ा है लिंक
एनसीआई@जयपुर
कोरोना काल में मुश्किल में फंसे लोगों की मदद करने वाले एक्टर सोनू सूद पर इनकम टेक्स का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। सोनू सूद से कनेक्शन मामले में जयपुर के एक इंफ्रास्ट्रक्चर ग्रुप पर इनकम टेक्स ने छापा मारकर दस्तावेज जब्त किए हैं। इनकम टेक्स की टीम ने जयपुर की इंफ्रास्ट्रक्चर कम्पनी और सोनू सूद की भागीदारी वाली कम्पनी के बीच 175 करोड़ के संदिग्ध लेने-देन का पता लगाया है। दस्तावेजों की जांच जारी है।
सोनू सूद से जुड़े मामले में शनिवार को इंफ्रास्ट्रक्चर कम्पनी पर मुम्बई से आई हुई टीम ने कार्रवाई की है। जयपुर की टीम को इस कार्रवाई से अलग रखा गया। इनकम टेक्स ने आधिकारिक बयान जारी कर सोनू सूद से जुड़े मामले में जयपुर की इंफ्रास्ट्रक्चर कम्पनी पर कार्रवाई की पुष्टि की है। सोनू सूद से जुड़ी कम्पनियों और फाउंडेशन से जुड़े लेने-देन की आयकर की टीमें कई शहरों में जांच कर रही हैं। इसी सिलसिले में जयपुर में यह कार्रवाई की गई है।
आयकर विभाग के अनुसार, जयपुर से पहले इनकम टेक्स की टीम ने लखनऊ में सोनू सूद की जॉइंट वेंचर वाली कम्पनी के ठिकानों पर छापे मारे थे। लखनऊ की कम्पनी से जब्त दस्तावेजों में जयपुर की इंफ्रास्ट्रक्चर कम्पनी के साथ लेन-देन के दस्तावेज मिले। लखनऊ की कम्पनी के दस्तावेजों से मिले लिंक को जोड़ते हुए जयपुर में कार्रवाई की गई है।
जयपुर की कम्पनी के एक कांग्रेस नेता से लिंक
जयुपर की इंफ्रास्ट्रक्चर कम्पनी के तार राजस्थान के एक कांग्रेस नेता से जुड़े बताए जा रहे हैं। इनकम टेक्स ने अपने बयान में कम्पनी और नेता के नाम का खुलासा नहीं किया है। जयपुर की इस इंफ्रास्ट्रक्चर कम्पनी के मध्य प्रदेश में भी दफ्तर बताए जा रहे हैं।
