April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

तस्करों ने पुलिस पर की फायरिंग, 2 जगह तोड़ी नाकाबंदी, टायर फटने के बाद भी दौड़ाते रहे गाड़ी

तस्करों ने पुलिस पर की फायरिंग, 2 जगह तोड़ी नाकाबंदी, टायर फटने के बाद भी दौड़ाते रहे गाड़ी

एनसीआई@सिरोही

कोतवाली थाना क्षेत्र में डोडा-पोस्त से भरी गाड़ी लेकर जा रहे तस्करों ने पीछा कर रही पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस पर 3 गोलियां चलाईं। इस पर पुलिस ने भी तस्करों पर जवाबी फायरिंग की। भागते हुए तस्करों का पुलिस पीछा करती रही। इस दौरान तस्करों की गाड़ी का टायर फट गया। इसके बावजूद भी वह गाड़ी दौड़ाते रहे। इससे कार के टायर के चीथड़े उड़ गए।

सीआई सीताराम के अनुसार, पुलिस को एक स्कॉर्पियो में डोडा-पोस्त की तस्करी की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस ने डीएसटी टीम के साथ टनल, मातर माताजी पहाड़ी और सारणेश्वर जी पुलिया के पास नाकाबंदी की।इस दौरान पिंडवाड़ा की तरफ से आ रही स्कॉर्पियो को रुकने का इशारा किया, लेकिन तस्करों ने पुलिस टीम पर 3 गोलियां चला दीं।

डीएसटी के प्रभारी करणी दान ने जवाब में फायरिंग की, लेकिन तब तक तस्कर गाड़ी लेकर फरार हो गए। यहां से थोड़ी दूरी पर मौजूद पुलिस टीम ने तस्करों को रुकने का इशारा किया, लेकिन तस्कर यहां भी नाकाबंदी तोड़कर फरार हो गए।

गाड़ी में मिली देसी पिस्टल और कारतूस

सीआई ने बताया कि तस्कर सारणेश्वर जी पुलिया के पास पहुंचे तो वहां भी टीम तैनात थी। पुलिस को देखकर तस्करों ने अपनी गाड़ी को सिरोही सिटी की ओर नीचे लिंक रोड पर उतार दिया। इससे गाड़ी का टायर फट गया। इसके बावजूद भी तस्करों ने कुछ दूरी तक गाड़ी दौड़ाई, मगर हालात को समझ स्कॉर्पियो छोड़कर फरार हो जाना पड़ा। तस्करों का पीछा करते हुए पुलिस टीम वहां पहुंची तो गाड़ी खड़ी मिल गई। तलाशी लेने पर उसमें 24 बोरों में 468 किलो डोडा-पोस्त भरा मिला। साथ ही गाड़ी में 4 कारतूस और 7.62 एमएम की देसी पिस्टल भी मिली।

तस्करों की तलाश में जुटी पुलिस

सीआई सीताराम का कहना है कि, गाड़ी छोड़कर भागे तस्करों की तलाश में इलाके में सर्च किया जा रहा है। साथ ही अभय कमांड को सूचना देकर तस्करों पर निगाह रखने के लिए कहा गया, लेकिन अभी तक तस्करों का कोई सुराग नहीं लगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.