April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

सीनियर टीचर भर्ती पेपर लीक मामले में आरपीएससी सदस्य, भांजा और ड्राइवर गिरफ्तार, मास्टर माइंड से है दोस्ती

सीनियर टीचर भर्ती पेपर लीक मामले में आरपीएससी सदस्य, भांजा और ड्राइवर गिरफ्तार, मास्टर माइंड से है दोस्ती

एनसीआई@अजमेर

स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने ग्रेड सेकंड शिक्षक (सीनियर टीचर) भर्ती पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई की है। एसओजी ने राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) के मेम्बर बाबूलाल कटारा को अजमेर से ही गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही उसके भांजे विजय कटारा और ड्राइवर गोपाल सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है।

एसओजी के एसपी विकास सांगवान ने बताया- कटारा सहित तीन को गिरफ्तार किया गया है। घरों की तलाशी ली गई है। फिलहाल उन्हें जयपुर ले जाया जा रहा है। वहां पूछताछ की जाएगी कि कैसे एग्जाम के पेपर शेर सिंह मीणा तक पहुंचाए गए।

आरपीएससी मेम्बर से चार साल पहले दोस्ती की

कुछ दिन पहले ही भूपेन्द्र सारण को पेपर बेचने वाला वाइस प्रिंसिपल शेर सिंह मीणा गिरफ्तार हुआ था। शेरसिंह मीणा ने भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक करने के लिए आरपीएससी मेम्बर बाबूलाल कटारा से सम्पर्क किया। उस समय बाबूलाल कटारा उदयपुर के आदिम जाति शोध संस्थान के निदेशक पद पर कार्यरत था।

शेरसिंह मीणा को पता था कि बाबूलाल कटारा आने वाले समय में आरपीएससी में प्रमोट होकर मेम्बर बन सकता है। आरपीएससी में सेंध लगाने के लिए वह बाबूलाल कटारा से लगातार संबपर्क में रहा। इस दौरान 15 अक्टूबर 2020 को बाबूलाल कटारा आरपीएससी का मेम्बर बना। इसके बाद दोनों की नजदीकियां और बढ़ गईं।

ग्रेड सेकंड परीक्षा की तैयारियों के समय कटारा के सम्पर्क में था

एसओजी सूत्रों के मुताबिक शेर सिंह मीणा ग्रेड सेकंड भर्ती परीक्षा की तैयारियों के समय कटारा से लगातार सम्पर्क में रहा। इस दौरान वह भर्ती परीक्षा का पेपर लीक करने का प्रयास करता रहा और उसी की मदद से पेपर लीक कर बेचा।

ऐसे बढ़ता गया बाबूलाल

डूंगरपुर के बाबूलाल कटारा ने 15 अक्टूबर 2020 में राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) के मेम्बर का कार्यभार संभाला था। बाबूलाल कटारा का चयन राजस्थान लोक सेवा आयोग के सांख्यिकी अधिकारी, आयोजना विभाग के पद पर हुआ था।

इसके बाद उसने जिला सांख्यिकी अधिकारी के पद पर डूंगरपुर और बाड़मेर में काम किया था। वर्ष 1994 से 2005 तक भीम, राजसमंद, खैरवाडा, डूंगरपुर, सागवाड़ा, सुमेरपुर और उदयपुर में काम किया। वर्ष 2013 में सचिवालय में आयोजना विभाग संयुक्त निदेशक रहा। वे उदयपुर आदिम जाति शोध संस्थान निदेशक के पद पर भी रहा। इसके बाद आरपीएससी के मेम्बर के रूप में सरकार ने नियुक्ति दी।

एक आरोपी के पिता पुलिस में हेड कॉन्स्टेबल

बाबूलाल कटारा के भांजे विजय डामोर के पिता ललित डामोर डूंगरपुर पुलिस में हेड कॉन्स्टेबल है। फिलहाल विजय के पिता पुलिस लाइन में चालानी गार्ड के पद पर तैनात है। बेटे की गिरफ्तारी की जानकारी उन्हें कोर्ट में साथी पुलिसकर्मियों ने दी। विजय ने साल भर पहले ही वागदरी में अपना घर बनाया है। दो महीने पहले ही 22 फरवरी को विजय की शादी हुई है।

विजय डामोर
विजय डामोर

पिता बोले-शादी के बाद से वह मेरे सम्पर्क में नहीं था

ललित डामोर ने बताया- 2 महीने पहले बेटे की शादी के बाद से वह उनके सम्पर्क में नहीं था। डेढ़ महीने से वह घर भी नहीं आया था। उन्होंने कहा- बेटे का पेपर लीक में नाम आने को लेकर कुछ नहीं जानते हैं। बाबूलाल कटारा विजय के मामा है, इसलिए वह मामा के पास आता जाता रहता था। वह उनके कॉन्टेक्ट में ज्यादा था।

कटारा के घर के बाहर भाजपा का प्रदर्शन

आरपीएससी मेम्बर बाबूलाल कटारा के सरकारी आवास के बाहर भाजपा विधायक वासुदेव देवनानी के नेतत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। देवनानी ने कहा- भर्ती परीक्षा का पेपर जो लीक हुआ है। उसमें तार कितने ऊपर तक जुड़े हुए हैं। उसका आज खुलासा हुआ है।

देवनानी ने कहा- आरपीएससी से जुड़े सारे निर्णय बोर्ड की ओर से लिए जाते हैं। इसका मतलब कहीं न कहीं बोर्ड चेयरमैन और अन्य लोगों की भी भूमिका संदिग्ध लगती है। देवनानी ने मांग की है कि आरपीएससी चेयरमैन को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। साथ ही 2020 से लेकर के आज तक कितनी परीक्षा आरपीएससी की ओर से ली गई है। उन सभी की भी निष्पक्ष जांच उच्च स्तर पर या हाईकोर्ट के जज के स्तर पर की जानी चाहिए।

उल्लेखनीय है कि पेपर लीक मामले में राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा शुरू से ही आरपीएससी के बड़े अधिकारियों व राजनेताओं के गठबंधन को दोषी बताते आ रहे थे। मगर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इसे पूरी तरह नकारा था। ‌ इस पर बीजेपी का कहना है कि एसओजी की इस ताजा कार्रवाई से गहलोत का दावा गलत साबित होता नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.