April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

एक और कोचिंग छात्र लापता, बाद में आगरा में मिला, घरवालों को फोन कर रविवार तक घर पहुंचने की कही बात

एक और कोचिंग छात्र लापता, बाद में आगरा में मिला, घरवालों को फोन कर रविवार तक घर पहुंचने की कही बात

एनसीआई@कोटा

अनंतपुरा थाना इलाके से शनिवार को एक कोचिंग छात्र के लापता होने की जानकारी सामने आने से पुलिस विभाग में हड़कम्प मच गया। इस छात्र की तलाश शुरू की गई। हालांकि रात को पता लगा कि वह छात्र आगरा में है और उसने घरवालों से बात की है। उसके रविवार को घर पहुंच जाने की जानकारी भी सामने आई है। इस पर सभी ने राहत की सांस ली।

अनंतपुरा थानाधिकारी बृजबाला ने बताया कि छात्र युवराज कुमावत (18) नीमकाथाना सीकर का रहने वाला है। वह कोटा में पिछले साल नीट की तैयारी करने आया था। वह यहां एक कोचिंग संस्थान से नीट की तैयारी कर रहा है। वह गोबरिया बावडी इलाके में एक हॉस्टल में रहता है। शनिवार सुबह सात बजे वह कोचिंग जाने के लिए निकला था, लेकिन शाम तक वापस हॉस्टल नहीं लौटा।

हॉस्टल वार्डन मोहन कुमार ने बताया कि युवराज की क्लास सुबह आठ बजे से लगती है। वह रोज एक बजे तक हॉस्टल पहुंच जाता था, लेकिन वह शनिवार दोपहर तक नहीं पहुंचा तो उसके बारे में जानकारी जुटाना शुरू किया। उसका फोन भी कमरे में ही मिला। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई और उसके घरवालों को भी बताया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र की तलाश में जुट गई। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।

इस दौरान पता लगा कि युवराज किसी एटीएम से पंद्रह सौ रुपए भी निकाल कर लेकर गया था। इधर, कोटा पुलिस, हॉस्टल स्टाफ उसकी तलाश में जुटा हुआ था, वहीं रात को उसके आगरा में होने की जानकारी मिली। उसके मामा ने फोन कर जानकारी दी कि युवराज ने अपनी मां से फोन पर बात की है। आगरा में किसी का मोबाइल लेकर उसने मां को कॉल किया और रविवार तक घर पहुंच जाने की बात कही है।

उल्लेखनीय है कि एक सप्ताह पूर्व मध्य प्रदेश का एक छात्र अपने हॉस्टल से सुबह कोचिंग इंस्टिट्यूट में टेस्ट देने जाने की बात कह कर निकाला था। मगर वह गरडिया महादेव पहुंच गया। तब से उसका पता नहीं चला है। उसकी खोजबीन जारी है। इस बीच एक और छात्र के लापता हो जाने की सूचना सामने आने से खलबली मच गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.