बूंदी: ‘दिवाली विद माय भारत’ के तहत गोठड़ा के बाजार में युवाओं ने किया श्रमदान, अस्पताल में चिकित्सा उपलब्ध करवाने में मरीजों की सहायता की
ग्रामीणों से की कचरा न फैलाने की अपील, श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश

एनसीआई@बूंदी/गोठड़ा
नेहरू युवा केन्द्र, बूंदी के तत्वावधान में नेहरू युवा मंडल संस्थान, गोठड़ा की ओर से गांव में ‘दिवाली विद माय भारत’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजन के संयोजक भूपेन्द्र योगी ने बताया कि ‘माय भारत’ की प्रथम वर्षगांठ पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें युवा-परिचर्चा, बाजार की सफाई, अस्पताल स्वयं सेवा आदि शामिल रहे।

मंडल के युवा स्वयं सेवकों ने स्वच्छता अनुभव साझा कर बाजार व मुख्य मार्गों पर श्रमदान कर हाथ धोने के तरीके जाने व साथ ही अस्पताल में मरीजों को चिकित्सा सेवा मुहैया करवाने में सहायता की।

ग्रामीणों को दी स्वच्छता की सीख, कचरा न फैलाने की अपील
माय भारत युवा परिचर्चा के मुख्य अतिथि युवा भाजपा नेता व पूर्व सरपंच बाबूलाल सैनी रहे। अध्यक्षता पूर्व जिला परिषद सदस्य ईश्वर झंवर ने की। नेहरू युवा मंडल अध्यक्ष भगवान नाथ भी मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय के निदेशक रवि खटाणा व डॉ. मोहन चंदेल थे। इस मौके पर योग प्रशिक्षक भूपेन्द्र योगी ने कार्यक्रम का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

मुख्य अतिथि भाजपा नेता सैनी ने माय भारत कार्यक्रम के दौरान प्राप्त हुए अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि यह पोर्टल युवाओं को राष्ट्रीय कार्यक्रमों से जोड़कर युवा विकास, नेतृत्व व सामुदायिक सेवा के अवसर प्रदान करता है। अध्यक्षता कर रहे झंवर ने दिवाली पर स्वदेशी अपनाने की अपील करते हुए स्वच्छ भारत अभियान की विस्तृत जानकारी दी।

दैनिक जीवन में अपनाएं स्वच्छता सम्बंधी आदतें
विशिष्ट अतिथि निदेशक खटाणा ने युवाओं से स्वच्छता सम्बंधी आदतों को दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की। साथ ही स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए चरित्र निर्माण पर बल दिया। अंत में मंडल अध्यक्ष भगवान नाथ ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन भगवान प्रजापत ने किया।

उत्कृष्ट कार्य के लिए युवा स्वयं सेवक सम्मानित
अतिथियों ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा स्वयं सेवकों को स्वच्छता किट, माय भारत डायरी, टी-शर्ट, पेन, टोपी आदि अध्ययन सामग्री देकर पुरस्कृत किया। ‘दिवाली विद माय भारत’ अभियान के तहत मंडल के युवक-युवतियों के द्वारा बाजार में दुकानों के बाहर, मुख्य मार्गों के किनारे पर फैले कूड़ा-करकट, अपशिष्ट पदार्थ, सिंगल यूज प्लास्टिक आदि को एकत्रित कर साफ-सफाई की व कचरे का उचित निस्तारण किया।

अस्पताल में युवाओं ने ऐसे दी सेवाएं
‘दिवाली विद माय भारत’ अभियान के द्वितीय चरण में ‘अस्पताल स्वयं सेवा’ कार्यक्रम के तहत युवा-स्वयं सेवकों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, गोठड़ा में मरीजों को सुगम चिकित्सा प्राप्त करने, दवाई लेने, जांच करवाने में सहायता की। अस्पताल-प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर मेडिकल सुविधाएं मुहैया करवाने में योगदान दिया। पीएचसी गोठड़ा के चिकित्सा अधिकारी डॉ. खेमचंद स्वामी, नंदकिशोर पांचाल, पूर्व अध्यक्ष विष्णु सैन, दिलखुश योगी, कमलेश सैनी तथा बड़ी संख्या में युवा स्वयं सेवक मौजूद रहे।

