April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

संसद परिसर बना अखाड़ा, राहुल गांधी पर लगे गम्भीर आरोप, धक्का-मुक्की में चोट लगने से दो बीजेपी सांसद आईसीयू में भर्ती, एक महिला सांसद ने भी लगाए राहुल पर आरोप, वहीं कांग्रेस बीजेपी पर हमलावर

संसद परिसर बना अखाड़ा, राहुल गांधी पर लगे गम्भीर आरोप, धक्का-मुक्की में चोट लगने से दो बीजेपी सांसद आईसीयू में भर्ती, एक महिला सांसद ने भी लगाए राहुल पर आरोप, वहीं कांग्रेस बीजेपी पर हमलावर

बीजेपी का आरोप है कि उनके प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी ने सांसद मुकेश राजपूत के साथ धक्का-मुक्की की। इससे वह एक अन्य बीजेपी सांसद प्रताप सारंगी के ऊपर गिर गए। सबसे पहले सांसद सारंगी का नीचे गिरे हुए और उनके सिर पर चोट लगी होने का वीडियो सामने आया। इस घटना में सांसद मुकेश राजपूत भी घायल हुए हैं।

एनसीआई@नई दिल्ली

संसद का शीतकालीन सत्र पूरी तरह से हंगामे की भेंट चढ़ा हुआ है। अडानी से लेकर भीमराव आम्बेडकर के मुद्दे पर गृहमंत्री अमित शाह के बयान के कुछ शब्दों पर विपक्ष ने घमासान मचाया हुआ है। लेकिन आज गुरुवार को तो बात इतनी बढ़ी कि संसद परिसर में ही ‘धक्कामार सियासत’ देखने को मिली।इस धक्काकांड में बीजेपी के दो सांसद घायल होकर अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं। राहुल गांधी पर बीजेपी ने धक्का देने का आरोप लगाया है। एक महिला सांसद ने भी राहुल गांधी के खिलाफ गम्भीर शिकायत दर्ज कराई है।

राहुल गांधी ने धक्का-मुक्की का आरोप स्वीकारा, मगर बीजेपी सांसदों को बताया कारण

इस घटना को लेकर राहुल गांधी का एक वीडियो सामने आया। इसमें वह उन पर लगे धक्का मारने के आरोप को स्वीकार करते हुए दिख रहे हैं- हां ऐसा किया है, धक्का- मुक्की हुई है। लेकिन धक्का-मुक्की से कुछ नहीं होता है। ‌इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि संसद परिसर में ओडिशा के बालासोर से सांसद प्रताप सारंगी के घायल होने पर राहुल उत्सुकता वश उनके पास तक जाते तो हैं, मगर तुरंत उपेक्षा कर पलट कर चले जाते हैं। वह सांसद सारंगी के घायल होने पर जरा भी खेद तक नहीं जताते हैं। इंसानियत के नाते भी इन बुजुर्ग सांसद का हालचाल तक नहीं पूछते हैं। वहीं राहुल उलटा बुजुर्ग सारंगी पर ही उन्हें धक्का देने का आरोप लगाते नजर आ रहे हैं।

जानिए पूरा घटनाक्रम

इससे अलग, राहुल और प्रियंका सहित पूरी कांग्रेस पार्टी बीजेपी पर भी इसी तरह के आरोप लगा रही है। इस बीच खबर है कि बीजेपी के एक और सांसद संतोष पांडे भी राहुल गांधी के धक्के की वजह से गिर गए थे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी उनके घुटने में चोट लगने का दावा किया है।ऐसे में जानना जरूरी हो जाता है कि इस धक्ककांड की शुरुआत कैसे हुई?

दरअसल डॉ. भीमराव आम्बेडकर पर गृहमंत्री अमित शाह के दिए गए बयान के कुछ शब्दों की छोटी सी क्लिप निकाल कर कांग्रेस पार्टी संसद में विरोध प्रदर्शन कर रही थी। इस छोटी सी क्लिप को ही शाह के पूरे भा‍षण के रूप में पेश किया जा रहा है। बीजेपी पूरे भाषण को सुनने की बात कह रही है। इसी समय बीजेपी भी कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन कर रही थी। इस बीच गुरुवार सुबह 10.40 बजे कांग्रेस के सांसद विरोध प्रदर्शन करते हुए संसद के मकर द्वार तक आ रहे थे, मगर यहां बीजेपी सांसद पहले से ही प्रदर्शन कर रहे थे।

इस प्रकार यहां बीजेपी और कांग्रेस के सांसद आमने-सामने हो गए। दोनों ओर से नारेबाजी होने लगी। यह घटनाक्रम लगभग 20 मिनट तक चला। कांग्रेस का आरोप है कि बीजेपी के सांसदों ने उन्हें रोकने की कोशिश की और उनसे धक्का-मुक्की की। जबकि बीजेपी का आरोप है कि उनके प्रदर्शन में राहुल गांधी सहित अन्य कांग्रेसियों ने व्यवधान डालने की कोशिश की। इसके चलते राहुल गांधी ने पहले फर्रुखाबाद से सांसद मुकेश राजपूत से धक्का-मुक्की की, जिससे वो अन्य बीजेपी सांसद प्रताप सारंगी के ऊपर गिर गए। इस घटना में प्रताप सारंगी और मुकेश राजपूत दोनों घायल हो गए।

सिर से खून निकल रहा था

सांसद सारंगी जब मीडिया के सामने आए, तब उनके सिर से खून निकल रहा था। वह व्हील चेयर पर थे। सारंगी के अलावा फर्रुखाबाद से भाजपा सांसद मुकेश राजपूत को भी चोट आई है। दोनों को आरएमएल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

हॉस्पिटल के मेडिकल सुपरिन्टेंडेंट ने बताया कि दोनों नेताओं के सिर में चोट लगी है। उन्हें आईसीयू में रखा गया है। प्रताप सारंगी को काफी ब्लीडिंग हो रही थी। उनका घाव भी गहरा था, इसलिए उन्हें 7 टांके लगाने पड़े। मुकेश राजपूत बेहोश हो गए थे। अब उन्हें होश तो आ गया है, लेकिन चक्कर आ रहे हैं। उनका बीपी बढ़ गया था।

राहुल के खिलाफ हत्या की कोशिश का आरोप, सात धाराओं में एफआईआर दर्ज

घटना के बाद भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर और बांसुरी स्वराज ने राहुल के खिलाफ 7 धाराओं में एफआईआर दर्ज करवाई है। इसमें हत्या की कोशिश का आरोप तक शामिल है।

दूसरी और कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह, राजीव शुक्ला और प्रमोद तिवारी ने मल्लिकार्जुन खड़गे से धक्का-मुक्की और खराब व्यवहार किए जाने की शिकायत दर्ज कराई है।

इस पूरे घटनाक्रम पर प्रताप सारंगी ने कहा-‘मैं सीढ़ियों पर खड़ा हुआ था। राहुल गांधी ने एक सांसद को धक्का दिया। वो सांसद मेरे ऊपर गिर गए, जिससे मैं भी गिर गया और चोट लग गई।’

राहुल पर लगे गम्भीर आरोप तो आक्रामक मुद्रा में आई कांग्रेस

वहीं, कांग्रेस के राज्यसभा सांसद केसी वेणुगोपाल का आरोप है कि, बीजेपी सांसदों ने राहुल गांधी को घेर लिया। उन्होंने राहुल गांधी को जानबूझकर रोका। हमने इस सम्बंध में स्पीकर के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है।

कांग्रेस के एक अन्य सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, हर किसी ने देखा कि कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक के अन्य नेताओं ने अमित शाह से इस्तीफे की मांग को लेकर आम्बेडकर की प्रतिमा के पास प्रोटेस्ट किया। इसके बाद हमने संसद के भीतर जाने की कोशिश की, लेकिन बीजेपी ने हमारा रास्ता रोक लिया और हमें संसद के भीतर नहीं जाने दिया। इस झड़प के दौरान हमारे नेता मल्लिकार्जुन खड़गे गिर गए। कई लोग गिरे।

इस पूरे घटनाक्रम पर कांग्रेस सांसद वेणुगोपाल, के. सुरेश और मणिकम टैगोर ने लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला को पत्र लिखा है। इसमें अपने हिसाब से घटना का ‘ब्योरा’ दिया गया है। इसमें कहा गया है कि हमने मकर द्वार से संसद के भीतर जाने की कोशिश की, लेकिन हमारे सांसदों को अंदर जाने से रोका गया। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से सत्तारूढ़ पार्टी के तीन सांसदों ने बदसलूकी की।

बीजेपी पर धक्का-मुक्की के आरोप पर केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान की प्रतिक्रिया

केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि वह (राहुल गांधी) जबरन धक्का मारकर संसद में घुसे। उनके धक्के की वजह से हमारे तीन से चार सांसद गिर गए। बीजेपी सांसद प्रताप सारंगी और मुकेश राजपूत बुरी तरह घायल हो गए। दोनों आईसीयू में भर्ती हैं। दोनों लहूलुहान हो गए।

बौखला गई है कांग्रेस: जेपी नड्डा

बीजेपी प्रमुख जेपी नड्डा ने कहा, कांग्रेस बौखला गई है। राहुल गांधी ने गैर प्रजातांत्रिक तरीके से हमारे सांसदों के साथ धक्का-मुक्की की। इससे हमारे दो सांसद घायल हुए हैं। नगालैंड की बीजेपी महिला सांसद फांगनोन कोन्याक को राहुल गांधी ने धक्का दिया। वो प्रताड़ना के बराबर है।

महिला सांसद रोते हुए आईं थीं: धनखड़

राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने बताया कि महिला सांसद (फांगनोन कोन्याक) मेरे पास रोते हुए आईं थीं। सांसद मुझसे मिलीं। मैं इस पर चर्चा कर रहा हूं। वो बहुत शॉक में थी। मैं इस मामले पर ध्यान दे रहा हूं।

महिला सांसद ने लगाया राहुल गांधी पर यह आरोप

अपने साथ हुई घटना को राज्यसभा में बयां करतीं सांसद फांगनोन कोन्याक।
अपने साथ हुई घटना को राज्यसभा में बयां करतीं सांसद फांगनोन कोन्याक।

नगालैंड की बीजेपी सांसद फांगनोन कोन्याक ने कहा कि मैं राज्यसभा के चेयरमैन से मिल चुकी हूं। मैं अपनी सुरक्षा की मांग करती हूं। मेरा दिल अभी बहुत भारी है। आज में बाहर शांतिपूर्ण ढंग से प्रोटेस्ट कर रही थी। राहुल गांधी बहुत करीब आकर खड़े हो गए। मैं असहज हो गई थी। राहुल गांधी मेरे ऊपर चिल्लाने लगे। यह उनको शोभा नहीं देता कि एक महिला पर वो ऐसे चिल्लाएं।‌ मैं बहुत दुखी हूं। मैं सुरक्षा चाहती हूं।

राहुल गांधी ने घटना पर यह कहा

प्रताप सारंगी के आरोप के बाद राहुल गांधी ने कहा कि कैमरे में सब कैद है। मैं सदन में जाने की कोशिश कर रहा था। बीजेपी के सांसदों ने मुझे धकेला और धमकाया। खड़गे जी को भी धक्का दिया। धक्का-मुक्की से हमें कुछ नहीं होता है। बीजेपी के सांसद हमें संसद में जाने से नहीं रोक सकते।

राहुल ने कहा कि मैं संसद के भीतर जाना चाहता था। संसद में जाना मेरा अधिकार है मुझे रोकने की कोशिश की गई। हमें संसद के भीतर जाने से रोका गया। बीजेपी के सांसद धक्का-मुक्की कर रहे थे।

खड़गे के घुटने में लगी चोट!

बीजेपी के राहुल गांधी पर आरोपों के बीच कांग्रेस भी सत्तारूढ़ पार्टी पर धक्का-मुक्की के आरोप लगा रही है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि बीजेपी सांसदों के धक्कों की वजह से उनके घुटने में चोट लग गई।

खड़गे ने इस सम्बंध में लोकसभा स्पीकर को चिट्ठी लिखी है, जिसमें उन्होंने कहा है कि जब मैं इडिया ब्लॉक के सांसदों के साथ मकर द्वार पहुंचा तो वहां बीजेपी सांसदों ने मेरे साथ धक्का-मुक्की की। इससे मैं अपना संतुलन खो बैठा और जमीन पर बैठ गया। इससे मेरे घुटने पर चोट लग गई। मेरे घुटने की पहले ही सर्जरी हो गई थी।

अमित शाह के खिलाफ प्रदर्शन कर रही कांग्रेस

इस सम्बन्ध में आज कांग्रेस सहित विपक्षी पार्टियों ने प्रोटेस्ट मार्च किया। राज्यसभा में बाबा साहेब आम्बेडकर पर गृहमंत्री अमित शाह के द्वारा दिए गए बयान के एक छोटे से हिस्से के विरोध में उनके इस्तीफे और माफी की मांग करते हुए इंडिया ब्लॉक ने प्रोटेस्ट मार्च किया। यह मार्च संसद में आम्बेडकर की प्रतिमा से लेकर मकर द्वार तक किया जाना था। मकर द्वार पर ही यह घटना हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.