जयपुर हादसे में अब तक 11 की मौत, चंद मिनट में खाक हो गई 40 गाड़ियां, उड़ते पक्षी तक जल गए, एक किलोमीटर तक फैली आग
एनसीआई@जयपुर
राजस्थान की राजधानी जयपुर में शुक्रवार सुबह हुए बेहद दर्दनाक हादसे में अभी तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल हैं। यह हादसा पौने छह बजे करीब जयपुर-अजमेर हाईवे पर एक एलपीजी टेंकर और एक ट्रक के बीच हुई टक्कर से हुआ। इसके बाद भीषण आग लग गई। इस आग की चपेट में आगे-पीछे की करीब 40 गाड़ियां आ गईं।

एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी ने कहा कि कुल 11 लोगों की मौत हो गई है। 5 लोगों को मृत अवस्था में एसएमएस अस्पताल लाया गया था, वहीं 5 लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जयपुरिया अस्पताल में एक व्यक्ति की मौत हो गई।

आधे घायलों की हालत गम्भीर
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा कि घायलों में से करीब आधे लोगों की हालत बहुत गम्भीर है। वहीं, दुर्घटनास्थल पर मौजूद जयपुर के पुलिस आयुक्त बीजू जॉर्ज जोसेफ ने कहा कि टक्कर में एलपीजी टेंकर का आउटलेट नोजल डैमेज हो गया, जिससे गैस रिसाव हुआ और आग लग गई।

ऐसे फैलती गई आग
पुलिस आयुक्त बीजू जॉर्ज जोसेफ ने कहा कि टेंकर के पीछे खड़ी गाड़ियां आग की चपेट में आ गईं। साथ ही विपरीत दिशा से आ रही दूसरी गाड़ियां भी आग की चपेट में आ गईं और वह आपस में टकरा गईं। गैस रिसाव के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे आसपास के गाड़ियों में बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। घायलों को 25 से ज्यादा एम्बुलेंस के जरिए जयपुर के एसएमएस अस्पताल ले जाया गया। डॉ. महेश्वरी ने बताया कि 43 लोगों को अस्पताल लाया गया, जिनमें से सात वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं।

राजस्थान सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपए और घायलों को 1 लाख रुपए की सहायता देने की घोषणा की है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने मौतों पर दुख जताया।
Related News:-
पूरी खबर जानने के लिए कृपया नीचे के लिंक को ओपन करें-
जयपुर में केमिकल टेंकर में ब्लास्ट से हर तरफ आग ही आग, 8 लोग जल मरे, 40 गाड़ियां आग की चपेट में, करीब 50 लोग झुलसे, एक फेक्ट्री भी जली, अजमेर हाईवे बंद
स्थानीय लोगों ने धुएं के कारण आंखों में खुजली और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की। कुछ लोगों ने बताया कि आग की लपटों से उड़ते पक्षी भी जल गए।घटनास्थल के पास में कुछ पक्षी मृत पाए गए हैं। इस घटना में हाईवे के किनारे एक फेक्ट्री को नुकसान पहुंचा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर से आग की लपटें उठती दिख रही थीं।
