बूंदी: रविवार, 2 फरवरी को 30 परीक्षा केन्द्रों पर होगी राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी (प्रारम्भिक) परीक्षा-2024
एनसीआई@बूंदी
राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर के निर्देशों के क्रम में राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी (प्रारम्भिक) परीक्षा-2024, रविवार 2 फरवरी को निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक बूंदी जिला मुख्यालय, तालेड़ा व हिंडोली उपखंड मुख्यालय पर आयोजित होगी।
इस परीक्षा में जिला मुख्यालय, तालेड़ा व हिंडोली उपखंड मुख्यालय पर निर्धारित 30 केन्द्रों पर 9373 परीक्षार्थी भाग लेंगे। इसके लिए 17 सरकारी एवं 13 निजी परीक्षा केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा समन्वयक अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुदर्शन सिंह तोमर ने बताया कि परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए प्रत्येक राजकीय केन्द्र पर एक केन्द्र पर्यवेक्षक व निजी परीक्षा केन्द्र पर 2 केन्द्र पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा के दौरान निरीक्षण के लिए 05 फ्लाइंग स्क्वायड दल बनाए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त पुलिस बल की नियुक्ति रहेगी। प्रत्येक केन्द्र पर वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है।
आयोजन के लिए हुई बैठक
परीक्षा की तैयारियों के सम्बंध में 30 जनवरी को केन्द्राधीक्षक, उप समन्वयक दल व पर्यवेक्षकों की आमुखीकरण बैठक राउमावि बूंदी के हॉल में आयोजित की गई। इसमें चन्द्र प्रकाश राठौर अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी ने परीक्षा से सम्बन्धित विस्तृत दिशा-निर्देशों की जानकारी प्रदान की।
राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर के निर्देशानुसार परीक्षा केन्द्र में परीक्षार्थी अपने साथ ई-प्रवेश पत्र, स्वयं का नवीनतम फोटोग्राफ एवं मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र लेकर प्रवेश कर सकते हैं। प्रोविजनल ई-प्रवेश पत्र आयोग की वेबसाइट पर जारी कर दिए गए हैं। परीक्षार्थी को उत्तर लिखने के लिए नीली स्याही का पारदर्शी बॉल पेन परीक्षा केन्द्र में लाने की अनुमति है। इस अनुमत सामग्री के अलावा किसी अन्य सामग्री के साथ परीक्षार्थी केन्द्र पर प्रवेश नहीं होगा। परीक्षार्थी का परीक्षा केन्द्र पर प्रवेश परीक्षा प्रारम्भ होने के 01 घण्टे पूर्व तक ही होगा। इस परीक्षा के लिए जिला स्तर पर एक नियंत्रण कक्ष कमरा नं. 34 कलेक्ट्रेट कार्यालय में स्थापित किया गया है। इसके प्रभारी संजय कुमार गुप्ता, व्याख्याता, म०गा०रा०वि० बालचंदपाड़ा बूंदी मो.नं. 9413087840 हैं। कन्ट्रोल रूम के दूरभाष नम्बर 0747-2940097 हैं। नियंत्रण कक्ष दिनांक 31 जनवरी को सुबह 09.30 से शाम 06.00 बजे तक, दिनांक 1 फरवरी को सुबह 10.00 बजे से शाम 05:00 बजे तक तथा परीक्षा दिनांक 2 फरवरी को सुबह 10.00 बजे से परीक्षा समाप्ति तक कार्य करेगा।
