लोकसभा अध्यक्ष ने शहीद नानक भील को दी श्रद्धांजलि, विमान दुर्घटना पर जताई गहरी पीड़ा
बिरला ने कहा-नानक भील का बलिदान है प्रेरणा, आदिवासी समाज की पीड़ा दूर करने का है संकल्प,अहमदाबाद विमान दुर्घटना ने देश को झकझोरा
एनसीआई@बूंदी
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शुक्रवार को जिले के डाबी कस्बे में अमर शहीद नानक भील के बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए अहमदाबाद विमान दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। साथ ही दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

बिरला ने कहा कि अहमदाबाद में हुआ भीषण विमान हादसा पूरे देश को भीतर तक झकझोर गया है। इस दुर्घटना में जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदना है। देश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशों के भी लोग इसमें प्रभावित हुए हैं। जिन परिवारों पर यह संकट टूटा है, पूरा देश उनके साथ खड़ा है। सरकार इनकी पूरी मदद करेगी। इस दौरान पूर्व जिला प्रमुख राकेश बोयत भी उनके साथ रहे।
दुर्घटना की पीड़ा के साथ डाबी पहुंचे बिरला ने शहीद नानक भील को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि नानक भील जी ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अपने लोकगीतों, बोली और संस्कृति के माध्यम से जनजागरण कर आदिवासी समाज को आंदोलन से जोड़ा। उनका बलिदान स्थल हम सभी के लिए प्रेरणा का केन्द्र है, जहां से आने वाली पीढ़ियां देशभक्ति की भावना ग्रहण करेंगी। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को पहुंचाने के संकल्प के साथ काम कर रहे हैं। बिरला ने कहा कि कि ‘हर घर नल’ मिशन के तहत आगामी दो वर्षों में इस क्षेत्र के प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया जाएगा। साथ ही, सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं भी प्राथमिकता के साथ मुहैया कराई जाएंगी।

विभिन्न विभागों ने किया लाभांवित
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि वर्मा ने बताया कि अमर शहीद नानक भील आदिवासी विकास मेले के दौरान 18 विभागों सहित ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग द्वारा लाभार्थियों को लाभांवित करने के साथ ही राजकीय योजनाओं की भी आमजन को जानकारी दी गई। मेले में महिला एवं बाल विकास विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, कृषि, चिकित्सा, आयुर्वेद, स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण, रोजगार विभाग, राजस्व विभाग, पीएचईडी, पशुपालन, उद्योग, शिक्षा, जेवीवीएनएल, श्रम विभाग, अग्रणी जिला प्रबंधक (बैंक ऑफ बड़ोदा) बूंदी, अनुसूचित जाति जनजाति विकास निगम, वन विभाग व रसद विभाग सहित ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के काउंटर लगाए गए। मेले में गम्भीर मरीजों को सलाह व उपचार के साथ ही पात्र लाभार्थियों के विभिन्न राजकीय योजनाओं के तहत आवेदन, दिव्यांगों के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए गए।
