एनसीआई@जोधपुर
जिले के बोरुंदा थाना क्षेत्र में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। थाना क्षेत्र के चौकड़ी खुर्द गांव में पानी की डिग्गी में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। हादसे का शिकार तीनों बच्चे एक ही परिवार के थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव परिवार को सौंप दिए। इस बड़ी घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाधिकारी सुजानाराम विश्नोई ने बताया कि चौकड़ी खुर्द में चौकीदारों की ढाणी के पास खेत में बनी पानी की डिग्गी के पास एक परिवार के बच्चे खेल रहे थे। इस दौरान सुमन (12) पुत्री जीया राम पानी पीने डिग्गी में उतरी तो पांव फिसल जाने से वह डिग्गी में गिर गई। उसे डूबता देख रिश्ते की उसकी बहन रेखा (16) पुत्री नाथूराम और भाई प्रवीण (8) पुत्र महेन्द्र भी डिग्गी में उतर गए। मगर ये दोनों भी डूब गए।
परिजन और ग्रामीण बदहवास दौड़ कर मौके पर पहुंचे
हादसे का पता चलते ही परिजन और ग्रामीण दौड़ कर मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और तीनों शवों को डिग्गी से निकाल कर पीपाड़ सिटी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है।
दो महीने पहले ही हौद में गिरकर हुई थी तीन मौतें
जिले के मथानिया क्षेत्र के मांडियाई खुर्द गांव में जून माह में एक खेत में बने होद में डूबने से तीन बच्चों की असामयिक मौत हो गई थी। तीनों बच्चे घर के पास ही खेल रहे थे। खेलते-खेलते अचानक खेत में बने पानी के होद के पास पहुंच गए एवं उसमें गिर गए थे। उल्लेखनीय है कि इन दिनों मानसून के चलते खेतों में कई जगहों पर डिग्गियों में पानी भरा हुआ है।
