एनसीआई@बूंदी
नगरीय निकाय चुनाव, 2026 के तहत सोमवार को बूंदी नगर परिषद के सभापति और नगर पालिका इंद्रगढ़, लाखेरी, नैनवां, कापरेन, केशवरायपाटन, हिंडोली और देई के अध्यक्ष पदों के लिए हुए चुनावों के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं।

बूंदी नगर परिषद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के भरत कुमार शर्मा ने जीत दर्ज की। भरत कुमार शर्मा ने 39 वोट हासिल किए और अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के टीकम जैन को 18 वोटों से हरा दिया। कांग्रेस प्रत्याशी टीकम जैन को 21 मत मिले थे। यहां उल्लेखनीय है कि भरत शर्मा पूर्व में कांग्रेस का ही हिस्सा थे।

नगरपालिकाओं में ऐसे रहे परिणाम
वहीं, केशवरायपाटन नगर पालिका में भाजपा की अनुराधा 23 मतों से विजयी रहीं, उन्हें 24 वोट प्राप्त हुए।निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के तुषार शर्मा को मात्र एक मत प्राप्त हुआ।

इसी क्रम में कापरेन नगर पालिका में कांग्रेस की सुनीता एक मत से विजयी रहीं। सुनीता को 13 वोट प्राप्त हुए, जबकि निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा की अनुपमा को 12 मत हासिल हुए।

लाखेरी में भाजपा के राकेश कुमार ने कांग्रेस के पवन कुमार को एक मत से हराया। राकेश कुमार को 18 मत प्राप्त हुए, जबकि निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के पवन कुमार को 17 मत मिले।

इसी तरह इंद्रगढ़ नगर पालिका में भाजपा की बीना शर्मा विजयी रहीं। उन्होंने 13 वोट हासिल करते हुए कांग्रेस की रितु जैन (7 वोट) को 6 मतों से पराजित किया।

नैनवां में कांग्रेस प्रत्याशी कृष्णा मित्तल 13 मत प्राप्त कर विजयी रहीं। उन्होंने भाजपा की देवकी बाई (10 वोट) को 3 वोटों के अंतर से हराया।

हिंडोली में कांग्रेस के हनुमान को 12 वोट मिले। इन्होंने अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी भाजपा के लोकेश (8 वोट) को 4 वोटों से हराया।

देई नगर पालिका में भाजपा के महावीर सोयल ने 12 वोट प्राप्त कर कांग्रेस के राजू लाल (8 वोट) को 4 मतों के अंतर से हराया।

निर्वाचन पर्यवेक्षक ने लिया जायजा
नगर निकाय आम चुनाव, 2026 के लिए नियुक्त निर्वाचन पर्यवेक्षक जुगल किशोर मीणा ने नगर पालिका हिंडोली एवं नगर परिषद बूंदी में सभापति व अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव को लेकर निर्वाचन स्थलों का निरीक्षण किया। निर्वाचन पर्यवेक्षक ने निरीक्षण के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारू, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए निर्वाचन प्रोटोकॉल के अनुरूप आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
उपसभापति व उपाध्यक्ष पदों का निर्वाचन 22 सितम्बर को
नगर निकाय आम चुनाव, 2026 के तहत बूंदी नगर परिषद उपसभापति तथा इंद्रगढ़, लाखेरी, नैनवां, कापरेन, केशवरायपाटन, हिंडोली और देई नगर पालिकाओं में उपाध्यक्ष पदों का निर्वाचन मंगलवार, 22 सितम्बर को होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 सितम्बर को सुबह 10 बजे बैठक शुरू होगी। सुबह 11 बजे से नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। इसके बाद सुबह 11.30 बजे नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी। अभ्यर्थी दोपहर 2 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। आवश्यक होने पर मतदान 2.30 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना होगी।
