एनसीआई@बूंदी
छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध बून्दी नगरी मंगलवार को भक्ति और उत्सव के रंग में रंग गई। भगवान श्री रंगनाथ जी की ऐतिहासिक एवं भव्य डोलयात्रा बड़े हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ निकाली गई।
सायं 5 बजे भगवान श्री रंगनाथ जी विमान में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देने निकले तो पूरे नगर में भगवान श्री रंगनाथ जी के जयकारे गूंज उठे। यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह स्वागत द्वार सजाए, पुष्पवर्षा की और आरती उतार कर धर्मलाभ लिया।

यात्रा का शुभारम्भ मोती महल से जिला कलक्टर हरफूल सिंह, पूर्व राजपरिवार के सदस्य राजा वंशवर्धन सिंह और कोषाधिकारी चित्रा सिंह ने किया। रंगनाथ सेवा समिति के अध्यक्ष पुरुषोत्तम पारीक ने बताया कि श्री रंगनाथ जी, श्री गोविंदनाथ जी एवं श्री पीताम्बर जी की विधिवत आरती के बाद डोल को नगर भ्रमण के लिए रवाना किया गया।
दीवान भूपेन्द्र सहाय सक्सेना ने की आरती
डोल यात्रा मोती महल से रवाना होकर बुलबुल का चबूतरा पहुंची। यहां पूर्व राजपरिवार के दीवान भूपेंद्र सहाय सक्सेना ने भगवान की भव्य आरती उतारी। इसके पश्चात यात्रा श्री जगन्नाथ स्वामी मंदिर पर महंत गोविंद पारीक, श्री चारभुजानाथ मंदिर पर पुजारी पं. गणेश शर्मा, श्री रावभाव सिंह जी मंदिर पर पं. रोहित दाधीच, श्री हस्त गणेश जी मंदिर पर पं. महावीर शर्मा तथा सेठ जी के चौक में आरती वालों द्वारा परम्परागत आरती की गई।
यात्रा का मुख्य पड़ाव रामसागर, रावला चौक रहा। यहां पूर्व राजपुरोहित परिवार के राजेश शर्मा, राज आचार्य पं. दयानंद शर्मा, राजव्यास पं. पुरुषोत्तम व्यास व सरस्वती भंडार के पं. लक्ष्मीकांत शर्मा ने वंशवर्धन सिंह से पूजा-अर्चना करवाकर महाआरती करवाई।
प्रसाद वितरण से हुआ समापन
अंत में डोल यात्रा पुनः रावला चौक स्थित श्री रंगनाथ मंदिर पहुंची। यहां मंदिर पुजारी पं. मुकेश शर्मा एवं पं. रघुनंदन राज मुखिया ने महाआरती की गई और प्रसाद वितरण के साथ इस धार्मिक महोत्सव का समापन हुआ।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष पुरुषोत्तम पारीक,देवस्थान विभाग के प्रशासनिक अधिकारी जितेंद्र ओझा, मैनेजर रामसिंह, अर्बन कॉपरेटिव बैंक के वाइस चेयरमैन युद्ध राज सोनी, एडवोकेट अजय नुवाल, एडवोकेट सुमित पारीक, सिल्विन क्वाड्रोस, जोगेंद्र सिंह, मोती महल प्रबंधक यशवर्धन सिंह, राजवीर सिंह, ओमप्रकाश जैन ,महेन्द्र सिंह उलेड़ा, मनोज जैन, जय सिंह सोलंकी सहित बड़ी संख्या में शहर के गणमान्यजन व श्रद्धालु उपस्थित रहे।
