एनसीआई@बूंदी
‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत आज गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग, बूंदी की टीम ने बूंदी, हिंडोली एवं तालेड़ा क्षेत्र में अस्पताल परिसरों, उनके आसपास संचालित खाद्य कारोबार प्रतिष्ठानों व केंटीनों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता व्यवस्था की जांच करते हुए आवश्यक खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। यह कार्रवाई खाद्य आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के निर्देशन एवं अभिहित अधिकारी तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओपी सामर के नेतृत्व में की गई।
इस निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अस्पताल परिसर एवं आसपास संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों के रख-रखाव, स्वच्छता, गुणवत्ता तथा अन्य खाद्य सुरक्षा मानकों का जायजा लिया। जांच के दौरान आवश्यकतानुसार खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उन्हें नियमानुसार जांच के लिए भेजा गया।
कुछ कमियां मौके पर ही दुरुस्त करवाईं
निरीक्षण के दौरान पाई गई कुछ कमियों को मौके पर ही प्रतिष्ठान संचालकों से दुरुस्त करवाया गया तथा खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता सम्बंधी नियमों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग, बूंदी की टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय सिंह, मुकेश प्रकाश गोचर, मनोज कुमार नागर, मोहित भारद्वाज, अमन छन्दक, अर्चना राठौड़ व राकेश मीना सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से इस प्रकार की कार्रवाई एवं निरीक्षण अभियान आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा।
