एनसीआई@बूंदी
विकसित भारत–जन सेवा अभियान-2026 के तहत जिले में आमजन को राजस्व सम्बंधी सेवाओं का त्वरित एवं प्रभावी लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 26 से 28 सितम्बर 2026 तक गिरदावर/भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्त मुख्यालयों पर विशेष राजस्व शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जिला प्रशासन द्वारा शिविरों के सफल आयोजन के लिए सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। शिविरों में लम्बित राजस्व प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। आमजन को मौके पर ही अधिकाधिक राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
शिविरों में होंगे ये काम
शिविरों में नामांतरण, खातों का विभाजन, सीमा ज्ञान, रास्ते सम्बंधी प्रकरण, राजस्व अभिलेखों के शुद्धिकरण, अतिक्रमण सम्बंधी प्रकरण, भूमिहीनों को भूमि आवंटन, खातेदारी अधिकार, आबादी विस्तार एवं अन्य राजस्व संबंधी मामलों के निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इसके साथ ही पूर्व में आयोजित शिविरों एवं अभियानों के दौरान लम्बित प्रकरणों को भी प्राथमिकता से लेकर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। सम्बंधित अधिकारियों को शिविर से पूर्व आवश्यक रिकॉर्ड एवं अन्य औपचारिकताएं पूर्ण करने तथा शिविर के दौरान प्राप्त प्रकरणों का भी नियमानुसार त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।
आवश्यक दस्तावेजों के साथ आने की अपील
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र से सम्बंधित राजस्व सम्बंधी प्रकरणों एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि को निकटतम शिविर स्थल पर उपस्थित होकर उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाएं।
