एनसीआई@उदयपुर
जिले से गुजर रहे नेशनल हाईवे पर ट्रेलर और कार की टक्कर में दो मेडिकल स्टूडेंट्स की मौत हो गई, वहीं दो अन्य स्टूडेंट्स गम्भीर घायल हो गए। यह हादसा तेज रफ्तार कार के डिवाइडर से टकराते हुए गलत साइड पर जाकर सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा जाने से हुआ।
यह टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इसकी बॉडी पूरी तरह पिचक गई। सूचना पर प्रतापनगर थानाधिकारी अजयसिंह राव मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद कार सवारों को बाहर निकालकर निजी अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने एक युवक और एक युवती को मृत घोषित कर दिया। वहीं, 2 गम्भीर घायलों का इलाज जारी है। हादसा शनिवार अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे देबारी-अंबेरी नेशनल हाईवे पर प्रतापनगर थाना क्षेत्र में हुआ।

एएसपी उमेश ओझा ने बताया- हादसे में मध्यप्रदेश के ग्वालियर निवासी उदय बंसल पुत्र दिलीप बंसल व छत्तीसगढ़ के बिलासपुर निवासी रुचिका परिहार (25) पुत्री रघुनाथ परिहार की मौत हो गई, जबकि हरियाणा के शशांक सिंह पुत्र लक्ष्मीनारायण और एक अन्य लड़की गम्भीर घायल है। ये चारों उदयपुर के उमरडा स्थित पेसेफिक मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के स्टूडेंट्स थे। मौके पर क्रेन बुलाकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकालना पड़ा था।
