एनसीआई@बूंदी
एक साल पूर्व भाजपा के तत्कालीन जिलाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल पर हुए हमले के मुख्य आरोपी कोटा ग्रामीण के कोचरिया खोड़ी बस्ती निमोदा के निवासी महेश मरोठा (31) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वह वारदात के बाद से ही फरार चल रहा था। बूंदी जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने यह जानकारी दी। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
एएसपी संजय सिंह चम्पावत व डीएसपी अनिल जोशी के निर्देश पर थानाधिकारी रमेशचंद आर्य की टीम ने महेश मरोठा को पकड़ा है। इस मामले में पहले 3 हमलावरों और एक साजिशकर्ता को गिरफ्तार किया जा चुका था।

यह वारदात 20 सितम्बर 2025 को चित्तोड़ रोड़ पर स्थित गणगौर होटल के सामने हुई थी। अग्रवाल होटल में होने वाली पार्टी की बैठक में शामिल होने आए थे। अपनी स्कूटी बाहर खड़ी कर वह होटल में प्रवेश करने वाले ही थे, तभी कार में आए अज्ञात हमलावरों ने उन पर सरियों व लाठियों से हमला कर घायल कर दिया था। इसके बाद वह फरार हो गए थे। मगर पुलिस ने 12 घंटे के भीतर ही वारदात के मुख्य साजिशकर्ता कोटा की भाजपा नेत्री अनुसुईया गोस्वामी के दामाद 35 वर्षीय भूपेन्द्र गोस्वामी उर्फ नवल को कोटा के ही कुन्हाड़ी इलाके से गिरफ्तार कर लिया था। अनुसुईया गोस्वामी हाल ही में कोटा मेयर निर्वाचित हुई हैं। वह भाजपा की प्रदेश मंत्री भी रही हैं।
