बूंदी: मेज नदी में नहाने उतरे 2 बच्चों में से एक 17 वर्षीय बालक लापता, तलाश जारी, एक बच्चे को लोगों ने मशक्कत कर सुरक्षित बाहर निकाला
एनसीआई@बूंदी
जिले के लाखेरी उपखंड क्षेत्र के पापड़ी नया गांव स्थित मेज नदी में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। नदी में नहाने उतरे दो बच्चों में से एक 17 वर्षीय किशोर लापता है। दूसरे बच्चे को स्थानीय लोगों ने ही मशक्कत कर बाहर निकाला।
मामले के अनुसार, लाखेरी के सुभाष नगर निवासी दो बच्चे अपने दो अन्य दोस्तों के साथ नदी में नहाने गए थे। यहां नहाते समय दोनों बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए। इस पर मौके पर मौजूद ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। इसमें वे एक बच्चे को तो सकुशल नदी से बाहर निकाल लाने में सफल रहे। मगर दूसरा विशाल (17) पुत्र बाबूलाल लापता है। उसकी तलाश जारी है। स्थानीय प्रशासन और ग्रामीण मिलकर इसमें जुटे हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही मेज नदी किनारे ग्रामीणों और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
लाखेरी थाना अधिकारी सुभाष चंद्र शर्मा ने बताया कि मेज नदी में कुल चार बच्चे नहा रहे थे। इनमें से तीन बच्चे सुरक्षित बाहर आ गए, जबकि एक बच्चा अभी भी नदी में लापता है। उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई है। ये बचाव कार्य शुरू कर चुकी हैं।
