एनसीआई@जोधपुर
शहर के एक मॉल में ब्यूटी पार्लर चलाने वाली तथा प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करने वाली अनिता चौधरी (50) पत्नी मनमोहन चौधरी की हत्या कर शव के टुकड़े-टुकड़े करने के मामले में पुलिस ने वारदात का पूरा घटनाक्रम बताया है। इसके अनुसार फरार आरोपी गुलामुद्दीन फारूकी ने पत्नी आबिदा के साथ मिलकर पूर्व निर्धारित योजना से इसे अंजाम दिया था। यहां एक बड़ी बात यह भी पता चली है कि गुलामुद्दीन ने जब गंगाणा में मकान खरीदा था तो अनिता ने उसे 12 लाख रुपए देकर सहायता की थी।

इसके अनुसार आरोपी और उसकी पत्नी ने साजिश के तहत अनिता को अपने गंगाणा इलाके में स्थित घर पर बुलाया। वहां बेहोशी की दवा मिलाकर शर्बत पिलाया। अनिता के बेहोश होने के बाद उसकी हत्या की और मीट काटने वाले चाकू से दोनों हाथ, दोनों पैर, धड़ व गर्दन को अलग-अलग काट दो प्लास्टिक के बोरों में भर दिया। इसके बाद अपने घर के बाहर खोदे गए करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में शव के इन 6 टुकड़ों को बोरों सहित दबा दिया। इससे पहले गड्ढे में काफी मात्रा में इत्र भी छिड़का, ताकि शव पुराना हो जाने पर बदबू न आए।
Related News -(घटनाक्रम का बैकग्राउंड जानने के लिए इस लिंक को भी खोलें)
राजस्थान: चार दिन से लापता ब्यूटीशियन का शव मुंहबोले भाई के घर के बाहर गड्ढे में दबा मिला, छह टुकड़े करके गाड़ा गया था, आरोपी फरार, पत्नी गिरफ्तार
जोधपुर वेस्ट डीसीपी राजर्षि राज वर्मा ने बताया- सरदारपुरा सी रोड की रहने महिला अनीता चौधरी (50) की हत्या की गई थी। मामले में आरोपी दुकानदार गुलामुद्दीन फारूकी फरार है। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया है। वहीं गुलामुद्दीन की पत्नी आबिदा भी वारदात में शामिल थी, उसे पकड़ लिया गया है, मजिस्ट्रेट की परमिशन के बाद गिरफ्तारी की जाएगी। उसकी निशानदेही पर ही अनिता का शव उनके घर के बाहर खोदे गड्ढे से बरामद किया गया था।
प्री-प्लान तरीके से घर बुलाकर जान से मारा
डीसीपी ने बताया- अनीता चौधरी ने 26 अक्टूबर की दोपहर 12 बजे आखिरी बार पति मनमोहन चौधरी से बात की थी। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं लगा। उसके पति ने एक दिन बाद गुमशुदगी दर्ज करवाई थी।
सीसीटीवी कैमरों से मिले फुटेज और टेक्सी ड्राइवर से मिली जानकारी की सहायता से पुलिस अनिता के पार्लर के सामने रफू और ड्राईक्लीन की दुकान चलाने वाले गुलामुद्दीन के गंगाणा स्थित घर तक पहुंची थी, मगर वहां गुलामुद्दीन नहीं मिला। तब उसकी पत्नी आबिदा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी। आबिदा ने ही बताया था कि अनिता को मारकर शव घर के बाहर ही गड्ढे में दबा दिया गया था।
25 साल पुराने सम्बन्ध पर फेर दिया चाकू

डीसीपी राजर्षि राज वर्मा ने बताया- आरोपी जुए का आदी था। उस पर 12 लाख रुपए कर्जा हो रखा था। अनिता के परिवार से आरोपी का 25 साल से व्यवहार था। सरदारपुरा सी रोड पर दोनों की आमने-सामने दुकान थी। अनिता लाखों रुपए के गहने पहनकर रहती थी। ऐसे में गुलामुद्दीन ने इन गहनों को लूटकर कर्जा उतारने का प्लान बनाया। इसमें उसकी पत्नी ने भी साथ दिया।
गुलामुद्दीन ने पत्नी के साथ मिलकर अनिता को झांसे में लिया और अपने घर पर बुलाया। अनिता अपनी दुकान से गुलामुद्दीन के गंगाणा स्थित घर गई। इसके बाद आरोपी और उसकी पत्नी ने बेहोशी की दवा मिलाकर शर्बत पिलाया। बेहोश होने के बाद हत्या की और उसके जेवर उतारकर मांस काटने वाले चाकू से शव के टुकड़े-टुकड़े कर बोरों में भर दिया। शव को घर के बाहर ही गड्ढे में गाड़ दिया।

गौरतलब बात यह है कि आरोपी ने अपनी पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार वारदात के तीन दिन पहले ही जेसीबी मंगवा कर घर के बाहर गहरा गड्ढा खुदवा दिया था। वह मांस काटने वाला चाकू भी ले आया था, ताकि अनिता को मारकर उसके शरीर के टुकड़े कर आसानी से उसे दबा सके। उसने काफी संख्या में इत्र की शीशियां भी खरीद ली थीं, जिन्हें शव के टुकड़ों को गड्ढे में डालने से पहले छिड़क दिया था, ताकि शव पुराना होने के बाद उससे बदबू न उठे।
आबिदा के पास मिली अनिता की अंगूठी
अनीता के पति मनमोहन चौधरी का कहना है- उसकी पत्नी का मोबाइल, कपड़े सहित अन्य सामान भी गायब हैं। अनिता को ज्वेलरी पहनने का शौक था। वह लाखों रुपए की ज्वेलरी पहनकर रहती थी। गुलामुद्दीन की पत्नी के पास उसकी एक अंगूठी मिली है।
घरवालों ने शव नहीं लिया
सरदारपुरा थाने में अनिता की हत्या का मामला दर्ज हुआ है। उसके पति मनमोहन चौधरी ने गुलामुद्दीन फारूकी, उसकी पत्नी और तैय्यब अंसारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। परिजन आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने तक शव नहीं उठाने की जिद पर अड़े हुए हैं।
गुलामुद्दीन तक पहुंची पुलिस!
दूसरी ओर, पुलिस सूत्र ने संकेत दिया है कि अनिता चौधरी हत्याकांड के मुख्य आरोपी गुलामुद्दीन को पुलिस ने ट्रेस कर लिया है। हालांकि केस की जांच से जुड़े अधिकारियों ने सीधे तौर पर इससे इनकार किया है, लेकिन सूत्रों का कहना है पुलिस के हाथ उसकी गर्दन तक पहुंच गए हैं और उसे राउंडअप तक कर लिया गया है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी हो सकती है। गुलामुद्दीन की गिरफ्तारी के बाद इस केस से जुड़े कई अहम राज का खुलासा होगा। जिनका सबको बेताबी से इंतजार है।
