एनसीआई@बूंदी
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय किशोर (युवा) दिवस के अवसर पर 11 अगस्त से 13 अगस्त 2026 तक जिले में विशेष किशोर स्वास्थ्य जागरुकता अभियान आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के दौरान विद्यालयों, उजाला केन्द्रों एवं विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों पर किशोर-किशोरियों के शारीरिक, मानसिक एवं प्रजनन स्वास्थ्य से सम्बंधित गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
सीएमएचओ डॉ. ओपी सामर ने बताया कि अभियान का उद्देश्य किशोर-किशोरियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरुकता बढ़ाना, एनीमिया की रोकथाम, पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता, मानसिक स्वास्थ्य तथा नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान विद्यालयों में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें हीमोग्लोबिन, बीएमआई, दृष्टि एवं दंत स्वास्थ्य की जांच की जा रही है। आवश्यकता अनुसार किशोर-किशोरियों को उच्च चिकित्सा संस्थानों के लिए रेफर भी किया जाएगा। साथ ही आयरन-फोलिक एसिड (आईएफए) की गोलियों का वितरण, कृमिनाशक दवा सेवन, मासिक धर्म स्वच्छता पर परामर्श तथा पोषण सम्बंधी जागरुकता गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं।
अभियान में आज यह होगा
डॉ. सामर ने बताया कि इस क्रम में 12 अगस्त, बुधवार को अंतरराष्ट्रीय किशोर (युवा) दिवस के अवसर पर उजाला केन्द्रों पर विशेष परामर्श शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें किशोर-किशोरियों को मानसिक स्वास्थ्य, जीवन कौशल, लैंगिक एवं प्रजनन स्वास्थ्य तथा नशा मुक्ति जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। वहीं 13 अगस्त, गुरुवार को विभिन्न विभागों के समन्वय से किशोर स्वास्थ्य दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य शिक्षा, पोस्टर प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी, रोल प्ले, समूह चर्चा एवं जागरुकता रैलियों सहित विभिन्न जनजागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
