सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके पर शिक्षकों का आरोप है कि स्कूल में दीपके ने उनके लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया और निलम्बित कराने की धमकी भी दी।
एनसीआई@मुम्बई
महाराष्ट्र के लातूर के एक सरकारी स्कूल में घुसकर हंगामा करने और शैक्षिक काम में बाधा डालने के आरोप में अभिजीत दीपके, अजिंक्य शिंदे सहित चार-पांच लोगों के खिलाफ औसा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
स्कूल के शिक्षकों ने ही यह शिकायत दर्ज कराई है। इसके मुताबिक, 20 अगस्त को दोपहर करीब एक बजे अभिजीत दीपके, अजिंक्य शिंदे और उनके साथ कुछ लोग स्कूल परिसर में पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से अलग-अलग सवाल पूछे और करीब डेढ़ से दो घंटे तक स्कूल परिसर में मौजूद रहे।
यह है शिकायत में
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि स्कूल और कक्षाओं में बिना अनुमति प्रवेश किया गया और फोटो भी खींचे गए। स्कूल में दूसरे स्कूल के विद्यार्थियों को बैठाए जाने के मुद्दे को लेकर शिक्षकों के साथ विवाद हुआ। शिक्षकों का आरोप है कि इस दौरान अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया और निलम्बित कराने की धमकी भी दी गई। शिक्षकों ने आरोप लगाया है कि इस पूरे घटनाक्रम से स्कूल के शैक्षिक कामकाज में बाधा पहुंची।
आरोपों की जांच शुरू
मामले में अभिजीत दीपके सहित पांच लोगों के खिलाफ औसा पुलिस थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। हालांकि, अभिजीत दीपके और उनके साथ मौजूद लोगों का पक्ष अभी सामने नहीं आया है। उनका पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर और साफ होगी।
