राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने एक कमेंट किया। इसे लेकर पार्टी में ही विवाद बढ़ने लगा है। इस बीच कांग्रेस महासचिव ने पूरे मामले में चुप्पी तोड़ी और पार्टी नेताओं से ऐसे बयान नहीं देने के लिए कहा जिससे बीजेपी खुश हो।
एनसीआई@नई दिल्ली
कांग्रेस सांसद शशि थरूर के एक बयान से पार्टी में घमासान मच गया है। इस मुद्दे पर पार्टी के वरिष्ठ नेता और कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने चुप्पी तोड़ी। उन्होंने बिना थरूर का नाम लिए कहा कि पार्टी नेताओं को ऐसे बयान देने से बचना चाहिए, जिससे बीजेपी खुश हो। शशि थरूर ने शुक्रवार को महाराष्ट्र में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ अभियान उन्हीं मुद्दों को उठा रहा है जिन्हें ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के विरोध प्रदर्शनों में उठाया गया था। इसी पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बिना नाम लिए करारा जवाब दिया है।
वेणुगोपाल की थरूर को नसीहत
केसी वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को बातचीत के दौरान सावधानी बरतनी चाहिए और ऐसे बयान देने से बचना चाहिए, जिनसे बीजेपी को खुशी हो। केरल के अलप्पुझा से लोकसभा सदस्य वेणुगोपाल ने यह टिप्पणी पार्टी के वरिष्ठ नेता शशि थरूर के बयान के संदर्भ में की। इसमें थरूर ने कहा था कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम ‘जेन जी’ के बीच उतना लोकप्रिय नहीं हुआ, जितना ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का विरोध प्रदर्शन।
बयान से बढ़ी सियासी हलचल
वेणुगोपाल ने कहा कि जहां तक मुझे पता है, मैंने उनका बयान केवल कुछ मीडिया चैनलों पर ही देखा है। मैं ठीक-ठीक यह नहीं सुन पाया कि उन्होंने क्या कहा। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि तिरुवनंतपुरम से सांसद थरूर की टिप्पणियों के बारे में उन्हीं से सीधा पूछा जाना चाहिए। हालांकि यह भी कहा कि कांग्रेस नेताओं को सार्वजनिक बयान देते समय सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि भले ही कांग्रेस सदस्य हमेशा पार्टी के नियमों या अनुशासन का सख्ती से पालन न करते हों, लेकिन हमें ऐसे बयान देने से बचना चाहिए, जिनसे केवल बीजेपी को खुशी मिले।
थरूर के बयान का राहुल गांधी से कनेक्शन!
केसी वेणुगोपाल ने कहा कि अगर कोई राहुल गांधी में कोई कमी निकालता है या उनके बारे में नकारात्मक बातें कहता है, तो भारतीय जनता पार्टी को बहुत खुशी होगी, यह उनके लिए सबसे खुशी की बात होगी। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि थरूर ने जान-बूझकर ऐसी बातें कही होंगी। उन्होंने कहा कि हम सभी को ध्यान रखना चाहिए, चाहे अनजाने में ही सही कि ऐसी बातें न कहें। मुझे लगता कि उन्होंने यह जान-बूझकर नहीं कहा था, और न ही उनके ऐसा जान-बूझकर कहने की संभावना है।
वेणुगोपाल के निशाने पर बीजेपी सरकार
वेणुगोपाल ने कहा कि प्रयागराज में राहुल गांधी के कार्यक्रम में भारत की ‘जेन जी’ पीढ़ी ने हिस्सा लिया और आरोप लगाया कि योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रयागराज के कार्यक्रम में बाधा डालने की पूरी कोशिश की। उन्होंने कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले रास्ते पर इंसानी मल भी फैला दिया था। वेणुगोपाल ने दावा किया कि कॉलेज प्रबंधन पर कथित तौर पर दबाव डाले जाने के बाद शुरुआत में कार्यक्रम आयोजित करने की मंजूरी देने से मना कर दिया गया था। बाद में इजाजत तो मिल गई, लेकिन रास्ते में गंदगी फैला दी गई।
राहुल गांधी के इलाहाबाद दौरे का भी किया जिक्र
वेणुगोपाल ने कहा कि हालांकि, शनिवार को इलाहाबाद में क्या नजारा देखने को मिला? वे आम कांग्रेस कार्यकर्ता, युवा कांग्रेस या एनएसयूआई के सदस्य नहीं थे। वे भारत के असली ‘जेन जी’ थे। वेणुगोपाल ने कहा कि राहुल गांधी ने उन छात्रों का मुद्दा उठाया है, जिन्हें कथित तौर पर विरोध प्रदर्शनों के दौरान पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ा था।
