April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

ट्रक ने लगाया अचानक ब्रेक, कार पीछे से घुसी, बेटे और मां की मौत, पत्नी और बेटी की हालत गम्भीर

ट्रक ने लगाया अचानक ब्रेक, कार पीछे से घुसी, बेटे और मां की मौत, पत्नी और बेटी की हालत गम्भीर

एनसीआई@बूंदी/कोटा

तालेड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम हुए भीषण हादसे ने कोटा निवासी सेवानिवृत्त असिस्टेंट डायरेक्टर, रोजगार विभाग प्रवीण माथुर (65) और उनकी मां सरला देवी (85) की जान ले ली। वहीं प्रवीण माथुर की पत्नी कमलेश माथुर (60) व इनकी पुत्री निताली माथुर (26) बुरी तरह घायल हैं। कोटा के एमबीएस अस्पताल में उनका उपचार जारी है। प्रवीण माथुर मूल रूप से अजमेर के निवासी हैं। वह कई सालों तक बूंदी जिला रोजगार अधिकारी के रूप में भी नियुक्त रहे थे। यहां रजत गृह कॉलोनी के गेट नम्बर 1 पर मकान किराए पर ले कर रहे।

थानाधिकारी दिग्विजय सिंह ने बताया कि कोटा उद्योग नगर के रॉयल पार्क निवासी प्रवीण माथुर अपने परिवार के साथ जयपुर से कोटा लौट रहे थे। कोटा से ठीक पहले बूंदी जिले के तालेड़ा के नजदीक मंगलवार शाम करीब 6 बजे यह दुर्घटना हुई।

कार के आगे चल रहे एक ट्रक ने फोरलेन के बाईपास पर अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे कार ट्रक के नीचे जा घुसी। इस भीषण हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार चारों जने अंदर फंसे रह गए। इस दौरान वहां से गुजर रहे कोटा के पार्षद बबलू कसाना, उपसरपंच संजय खान, सामाजिक कार्यकर्ता वेद प्रकाश स्वामी, जितेन्द्र सेन और अरविंद गुर्जर सहित स्थानीय लोगों ने किसी प्रकार कार के चद्दर काटकर अंदर फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद इन्हें वेंटिलेटर लगाकर एम्बुलेंस से कोटा के एमबीएस अस्पताल पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान प्रवीण माथुर और उनकी मां की मृत्यु हो गई। उनकी पत्नी और बेटी की हालत गम्भीर बनी हुई है। मां-बेटे के शव को एमबीएस हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जा रही है।

एयरबैग खुलने के बावजूद नहीं बची जान

चश्मदीदों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि लग्ज़री कार का टाटा टियागो के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बड़ी बात यह थी कि कार के सभी एयर बैग खुल गए थे, इसके बावजूद इतना भीषण हादसा हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। बड़े वाहन ट्रेफिक रूल्स की बिल्कुल भी परवाह नहीं करते हैं।

जयपुर में बेटी से मिलकर आ रहे थे कोटा

प्रवीण माथुर के एक बेटा और दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी मिताली की शादी जयपुर में हुई थी। ये परिवार सहित बेटी मिताली से मिलने जयपुर गए थे और वहां से लौट रहे थे। छोटी बेटी निताली जयपुर में आरजेएस की तैयारी कर रही है। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.