आरपीएससी पेपर लीक प्रकरण: एक लाख रुपए के इनामी वाइस प्रिंसिपल शेर सिंह मीणा को उड़ीसा से हिरासत में लिया
एनसीआई@जयपुर
राजस्थान के चर्चित आरपीएससी पेपर लीक केस में राजस्थान की पुलिस की एसओजी टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। एसओजी की टीम ने इस मामले में फरार चल रहे 1 लाख रुपए के इनामी शेर सिंह उर्फ अनिल मीणा को उड़ीसा से पकड़ लिया है।
एसओजी के आईजी सत्येन्द्र सिंह के निर्देशन में हुई इस बड़ी कार्रवाई को एसपी विकास सांगवान के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल जितेन्द्र शर्मा, सचिन तिवारी सहित 5 सदस्यों की टीम ने अंजाम दिया। आरोपी शेर सिंह को पकड़ कर एसओजी की टीम जयपुर के लिए रवाना हो गई है। यहां गिरफ्तार कर उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल नवम्बर माह में सेकंड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने का मामला सामने आया था। जालोर से आ रही वीडियो कोच बस में 40 अभ्यर्थी पेपर सॉल्व करते हुए उदयपुर के बेकरिया इलाके में पकड़े गए थे। तब पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी। पूछताछ में मास्टर माइंड भूपेन्द्र सारण ने शेर सिंह मीणा का नाम उगला था। पेपर लीक प्रकरण के मास्टर माइंड भूपेंद्र सारण व कोचिंग संचालक सुरेश ढाका पर 1-1 लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था, जिसमें एसओजी ने भूपेन्द्र सारण को पिछले महीने बेंगलुरु एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। पूछताछ में भूपेंद्र सारण ने पेशे से सरकारी स्कूल में टीचर और चौमूं के रहने वाले शेर सिंह उर्फ अनिल मीणा से 40 लाख रुपए में पेपर खरीदने का अहम खुलासा किया था।
एसओजी को सौंपी गई थी पेपर लीक केस की जांच
जानकारी के अनुसार बेकरिया थाने में दर्ज पेपर लीक केस की जांच पिछले दिनों डीजीपी उमेश मिश्रा के निर्देश पर एसओजी को ट्रांसफर की गई थी। ऐसे में आईजी सत्येंद्र सिंह के निर्देशन में एसपी विकास सांगवान, इंस्पेक्टर मोहन पोसवाल के निर्देशन में टीम 1 लाख रुपए के इनामी शेर सिंह मीणा की तलाश कर रही थी। हाल ही में शेर सिंह के उड़ीसा में छिपे होने का पता चला था। तब हेड कांस्टेबल जितेंद्र शर्मा, सचिन तिवारी सहित 5 सदस्यों की टीम को उड़ीसा भेजा, जहां पुलिस ने लगातार निगरानी के बाद शेर सिंह को धर दबोचा।
