खटकड़ क्षेत्र की नहरों में शाम तक पानी पहुंचाने का आश्वासन मिलने के बाद मार्ग बाधित करने का निर्णय कल तक पर टाला, धरना जारी
एनसीआई@बूंदी
प्रशासन से आज अर्थात गुरुवार शाम तक नहरों में पानी पहुंचा दिए जाने का आश्वासन मिलने के बाद खटकड़ क्षेत्र की 7 ग्राम पंचायतों के 50 गांवों के किसानों की ओर से आज दोपहर को बूंदी-नैनवां स्टेट हाईवे को बाधित करने की योजना को कल शुक्रवार तक के लिए टाल दिया गया है। इस किसान आंदोलन से जुड़े हुए भूमि विकास बैंक के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सत्यनारायण गौतम ने यह जानकारी दी।
डॉ. गौतम ने बताया कि बुधवार को गणेशपुरा टोल के समीप राघव बावड़ी के पास शुरू हुए किसानों के धरने पर सदर थानाधिकारी अरविंद भारद्वाज आए थे। यहां से उन्होंने किसानों से उनकी समस्या को जान कर एसडीएम को जानकारी दी। इस पर एसडीएम ने सम्बन्धित अधिकारियों को बुलाकर आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद उनकी ओर से थानाधिकारी भारद्वाज ने बताया कि खटकड़ क्षेत्र की नहरों में गुरुवार शाम तक पानी पहुंच जाएगा, इसलिए दोपहर को मार्ग बाधित करने का आंदोलन स्थगित कर दिया जाए। किसानों ने इसके बाद आपस में मंत्रणा कर तय किया कि अगर नहरों में गुरुवार शाम तक पानी नहीं आता है तो अब वह शुक्रवार दोपहर को बूंदी-नैनवां मार्ग को बाधित करेंगे, मगर धरना जारी रहा।

ये किसान बैठे धरने पर
आज गुरुवार को इस धरने पर जो 13 किसान बैठे उनमें उप प्रधान रामस्वरूप मीणा, पूर्व सरपंच चेतराम मीणा, पूर्व वार्ड पंच गजानंद गुर्जर, बृजमोहन गुर्जर- गणेशपुरा, लेखराज मीणा-झरबालापुरा, शंकर खींचा- झारबालापुरा, तेजेन्द्र सिंह-गणेशपुरा, अमनदीप सिंह-राताबरड़ा, बलराम यादव ओंकारपुरा, बजरंग लाल मीणा-झरबालापुरा, दलजीत सिंह-गणेशपुरा, सोनू गुर्जर-हरिपुरा, धनराज मीणा-गणेशपुरा व हेमराज प्रजापत- गणेशपुरा बैठे हैं।
बूंदी विधायक पहुंचे धरने पर, कमिश्नर से की बात
इस धरने पर आज बूंदी विधायक अशोक डोगरा भी पहुंचे। यहां से उन्होंने सम्भागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह से नहरों में पानी नहीं पहुंचने से फसलों के खराब होने की आशंका बताई। किसानों की मांग को वाजिब बताया और आंदोलन का समर्थन किया। इससे पहले पूर्व वित्त राज्य मंत्री हरिमोहन शर्मा भी धरने पर आए थे। उन्होंने भी किसानों की मांग का समर्थन करते हुए समस्या के समाधान के प्रयास का आश्वासन दिया था।
