गाड़ी पर खड़े होकर रोड शो कर रहे थे मंत्री और सांसद, ब्रेक लगा तो सब नीचे गिर पड़े (वीडियो)
तेलंगाना के निज़ामाबाद जिले के आर्मूर शहर में एक रोड शो के दौरान चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे वाहन के ऊपर लगी हुई रेलिंग टूट जाने से वहां खड़े हुए बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं मंत्री केटी रामाराव व राज्यसभा सांसद केआर सुरेश रेड्डी सहित अन्य लोग भी नीचे गिर पड़े।
एनसीआई@हैदराबाद
तेलंगाना में सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव, बीआरएस से राज्यसभा सांसद केआर सुरेश रेड्डी आदि गुरुवार को उस समय बाल-बाल बच गए जब निज़ामाबाद जिले के आर्मूर शहर में एक रोड शो के दौरान चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे वाहन की रेलिंग टूट गई और सभी लोग नीचे गिर पड़े। रामा राव और रेड्डी सहित करीब दर्जन भर लोग वाहन के ऊपर खड़े हुए थे। दोनों नेता नामांकन दाखिल करने जा रहे पार्टी उम्मीदवार और मौजूदा विधायक जीवन रेड्डी के साथ थे।
इस घटनाक्रम का एक वीडियो सामने आया है। इसमें साफ दिखाई दे रहा है कि वैन के चालक के द्वारा अचानक ब्रेक लगाने के बाद वाहन के ऊपर लगी हुई रेलिंग टूट गई। इससे वाहन पर खड़े सांसद रेड्डी और मंत्री रामाराव अचानक नीचे गिर गए। पुलिस ने बताया कि रेलिंग टूटने के बाद बीच में खड़े रामाराव झटके से आगे की ओर झुके और वाहन पर रखे स्पीकर पर गिर गए। उन्होंने बताया कि मंत्री और सांसद गाड़ी से नीचे गिरे लेकिन वैन के साथ चल रहे पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया और दोनों को नीचे सड़क पर गिरने से बचाया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। रेड्डी और रामाराव को तुरंत एक कार में ले जाया गया और फिर वे आगे बढ़ गए।’ प्रारम्भिक जानकारी के आधार पर अधिकारी ने कहा कि वैन के आगे चल रहे वाहन के चालक को अचानक सामने किसी के आ जाने से ब्रेक लगाना पड़ा। इससे यह घटना हुई। बाद में जीवन रेड्डी ने अपना नामांकन दाखिल किया।
इधर, रामाराव की बहन और बीआरएस एमएलसी के. कविता ने कहा, “मैंने रामाराव से बात की। उन्होंने बताया कि वह बिलकुल ठीक हैं।” कविता ने ‘एक्स’ पर कहा, “बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटीआर से बात की। वीडियो काफी डरावना लग रहा है, लेकिन उन्होंने मुझे और सभी को आश्वस्त किया कि वह बिल्कुल ठीक हैं।” इसके बाद रामाराव एक रोड शो भाग लेने के लिए कोडंगल रवाना हो गए। तेलंगाना में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 30 नवम्बर को होगा।
