April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

मारपीट के मामले में गवाह युवक की पिता-पुत्र ने चाकू से कर डाली हत्या, घर के बाहर बुलाकर किया हमला, बचाव में आई मां, भाई व दोस्त भी घायल

मारपीट के मामले में गवाह युवक की  पिता-पुत्र ने चाकू से कर डाली हत्या, घर के बाहर बुलाकर किया हमला, बचाव में आई मां, भाई व दोस्त भी घायल

एनसीआई@कोटा

मारपीट के एक मामले में गवाह युवक की बाप-बेटे ने चाकू मारकर हत्या कर दी। तीन दिन पहले इस युवक के दोस्त से मारपीट हुई थी। इसमें ही वह गवाह था। इससे नाराज पड़ोसी पिता-पुत्र ने इस वारदात को अंजाम दिया। इन आरोपियों ने बीच बचाव में आई युवक की मां, बड़े भाई और दोस्त पर भी चाकू से हमला कर उन्हें भी घायल कर दिया। वहीं पेट व छाती में चाकू लगने से अजय वाल्मीकि (20) की इलाज के दौरान मौत हो गई।

यह वारदात शुक्रवार रात महावीर नगर थाना क्षेत्र के वीर सावरकर नगर में हुई। मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। दोनों पक्ष वाल्मीकि समाज से है।

डीएसपी हर्षराज खरेड़ा ने बताया वीर सावरकर नगर निवासी पप्पू और उसके बेटे विष्णु ने मारपीट के मामले में गवाह बनने पर पड़ोसी अजय वाल्मीकि (20) पुत्र राजू पर चाकू से हमला कर दिया। बीच बचाव करने आई अजय की मां गीता, बड़े भाई शक्ति (24) और पड़ोसी वैभव शर्मा (24) को भी चाकू मार कर घायल कर दिया। सभी घायलों को कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। जहां इलाज के दौरान अजय की मौत हो गई। गीता को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि शक्ति और वैभव शर्मा अस्पताल में भर्ती हैं। अजय के पिता राजू ने आरोप लगाया है कि विष्णु और पप्पू ने अजय को अपने घर में ले जाकर मारा है। परिजनों की रिपोर्ट पर विष्णु, उसके पिता पप्पू, चाचा सोनू और विशाल भरत व चंदू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। कुछ आरोपियों को डिटेन कर लिया गया है।

जान से मारने की दी थी धमकी

मृतक अजय के भाई शक्ति ने बताया कि 27 दिसम्बर को वह दोस्त राजू सालवी के साथ था। भंडारी स्टेशनरी के सामने राजू सालवी की आरोपी विष्णु व सुमित से कहासुनी हुई थी। झगड़े में विष्णु व उसके साथी ने राजू सालवी का सिर फाड़ दिया था। उसके सिर पर 10 टांके लगे। राजू ने इसकी शिकायत थाने में दी थी। इसमें उसका छोटा भाई अजय गवाह था। आरोपियों ने अजय को गवाह नहीं बनने के लिए कहा था, अन्यथा उसे मार डालने की धमकी दी थी। विष्णु, भरत, सोनू, विशाल सहित 8-10 लोगों ने मेरे भाई की हत्या की है।

घर में ले जाकर मारा

मृतक अजय के पिता राजू
मृतक अजय के पिता राजू

अजय के पिता राजू ने बताया कि अजय एक मल्टी स्टोरी में स्वीपर का काम करता था। उसने कम्यूटर कोर्स कर रखा था। वहीं उनकी छोटी सी दुकान है। आरोपी उनके मकान की पीछे की गली में ही रहते हैं। शुक्रवार रात साढ़े 8 बजे करीब पड़ोसी पप्पू व उसका बेटा विष्णु घर पर आए और अजय को बाहर बुलाया। फिर उसे खींचकर अपने घर ले गए। वहां अजय पर चाकू से हमला कर दिया। पत्नी गीता, बड़ा बेटे शक्ति व पड़ोसी युवक वैभव शर्मा व महिला रेखा बाई ने बीच बचाव किया तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। अजय खुद को बचाने के लिए भागा। जख़्मी होने के कारण गली में गिर गया। उसके शरीर से काफी खून बह गया था।

शनिवार सुबह परिजन न्यू मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी के बाहर इकठ्ठा हो गए। इन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की। पोस्टमार्टम के बाद शव ले जाते समय परिजन हॉस्पिटल गेट के पास रुक गए और करीब 15 मिनट तक न्याय की गुहार लगाई। पुलिस की समझाइश के बाद परिजन माने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.