बिरला का वादा-कोटा-बूंदी के विकास में कमी नहीं छोड़ेंगे, लोकसभा अध्यक्ष ने किया लालपुरा-बागदा उच्चस्तरीय पुल का शिलान्यास
एनसीआई@बूंदी
जब तक गांव का विकास नहीं होगा, तब तक भारत विकसित राष्ट्र नहीं बन सकता है। इसी कारण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार राजस्थान के गांव-ढाणियों का दोगुनी रफ्तार से विकास करने के लिए दिन-रात काम कर रही है। बीते पांच साल में कोटा-बूंदी में विकास के अनेक काम हुए हैं। आने वाले पांच वर्षों में भी कोटा-बूंदी के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को सीआरआईएफ योजना के तहत बूंदी जिले में मांगली नदी पर बनने वाले लालपुरा-बागदा उच्चस्तरीय पुल का शिलान्यास करते हुए यह बात कही।

लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने कहा कि यह समय सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पुनर्जागरण का है। आजादी के बाद आई सरकारों ने गांवों की सुध नहीं ली। नतीजा यह हुआ कि गांव विकास के लिए तरसते रह गए, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनेगा और इसकी शुरुआत गांवों के विकास से ही होगी।
बिरला ने लालपुरा-बागदा उच्चस्तरीय पुल के निर्माण से जुड़ी घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले चुनाव में प्रचार के दौरान यहां आया तो ग्रामीणों ने पुल की मांग की। जब पुल बनवाने के लिए प्रयास शुरू किए तो अधिकारियों ने कहा कि दो गांवों को जोड़ने के लिए नदी पर पुल बनाना सम्भव नहीं है। उन्होंने आगे कहा, लेकिन मोदी सरकार में सब मुमकिन है, हमने इस सड़क को मुख्य जिला सड़क घोषित करवाया और पुल के लिए 12.66 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत हो गई।
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि कई बार विकास कार्यों को पूरा होने में समय लग जाता है। लेकिन, हमारा प्रयास रहता है कि जनता से जो वादा किया है, वह काम अवश्य होना चाहिए। हम निरंतर इसके लिए प्रयास करते रहते हैं। आप लोगों से जिस भी काम के लिए हामी भरी है, वह सभी कार्य पूरे होंगे।

बनाई पांच साल की कार्ययोजना
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पांच साल में सभी गांवों की दशा और दिशा बदल देंगे। हर वंचित को पक्का घर देंगे, हर घर में शौचालय से लेकर बिजली, पानी और गैस होगी। इसके लिए कार्ययोजना बनाई गई है।
चहुंमुखी विकास हो रहा: डोगरा
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए पूर्व विधायक अशोक डोगरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का चहुंमुखी विकास हो रहा है। काफी लम्बे समय से इस पुल के निर्माण की मांग थी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों से अब इस पुल का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि पुल निर्माण से 20 से 25 किलोमीटर की दूरी 2 किलोमीटर रह जाएगी। डोगरा ने कहा, आमजन के साथ ही किसानों को पुल का लाभ मिलेगा। किसान कम समय में अपनी जिंस मंडी तक ले जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि जिले में माडा योजना के तहत लगभग 300 करोड़ के विकास कार्य हुए हैं।
ये भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में तालेड़ा प्रधान राजेश रायपुरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, लालपुरा सरपंच बरजी बाई, मुकेश मीणा, माटूंदा के पूर्व सरपंच महेन्द्र शर्मा, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता राजाराम मीणा, इंद्रजीत मीणा आदि गणमान्य लोग व आम ग्रामीण भी मौजूद रहे।
