April 19, 2026

News Chakra India

Never Compromise

बूंदी कृषि विज्ञान केन्द्र में खुदरा उर्वरक विक्रेताओं का 15 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न, विशेषज्ञों ने दी अहम जानकारियां

बूंदी कृषि विज्ञान केन्द्र में खुदरा उर्वरक विक्रेताओं का 15 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न, विशेषज्ञों ने दी अहम जानकारियां

एनसीआई@बूंदी

कृषि विज्ञान केन्द्र में 15 दिवसीय खुदरा उर्वरक विक्रेताओं के लिए आयोजित प्रशिक्षण शिविर बुधवार को सम्पन्न हो गया। इसमें जिले के 25 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष प्रो. हरीश वर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान खाद उर्वरक विक्रेताओं को मृदा में संतुलित उर्वरकों की मात्रा का प्रयोग, खाद, उर्वरक व मृदा नमूना लेने की विधि, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, फसलों के आवश्यक पोषक तत्वों की मात्रा और उनकी कमी के लक्षणों की पहचान करना, उर्वरकों में मिलावट, जैविक खेती, संरक्षित खेती, प्राकृतिक खेती, समन्वित कृषि प्रणालियों एवं समन्वित कीट रोग प्रबंधन के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण प्रभारी डॉ. मीना ने यह बताया

प्रशिक्षण प्रभारी डॉ. घनश्याम मीना ने बताया कि कृषि महाविद्यालय, कोटा से डॉ. बीएल नागर (उद्यान विशेषज्ञ), कृषि विज्ञान केन्द्र झालावाड़ से सेवाराम रुंडला (मृदा वैज्ञानिक), कृषि महाविद्यालय हिंडोली से अधिष्ठाता प्रो. एनएल मीणा, डॉ. सुभाष असवाल (सह आचार्य मृदा विज्ञान), डाॅ. राजेश महावर (सह आचार्य पादप प्रजनन एवं आनुवांशिकी), डाॅ. हनुमान सिंह राठौड़ (सहायक आचार्य पादप रोग विज्ञान), सब्जी उत्कृष्टता केन्द्र से उपनिदेशक दुर्गालाल मौर्य व डाॅ. तारेश कुमार, बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय से डॉ. मुकेश कुमार मीना, बड़ोदा स्वरोजगार ग्रामीण संस्थान से योगेश मीना, नाबार्ड के जिला महाप्रबंधक राजकुमार, कृषि अधिकारी मोनिका मीणा, आत्मा से कृषि अधिकारी राजेश शर्मा, कृषि अनुसंधान अधिकारी जितेन्द्र चौधरी, कृषि अधिकारी उद्यान सीताराम मीना ने सम्बंधित विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।

विभिन्न इकाइयों का अवलोकन भी कराया

प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षार्थियों को प्रक्षेत्र भ्रमण के लिए सब्जी उत्कृष्टता केन्द्र एवं कृषि अनुसंधान केन्द्र, कोटा पर संचालित विभिन्न इकाईयों का अवलोकन करवाया गया। इसमें समन्वित कृषि प्रणाली फसल परियोजना डाॅ.जेपी तेतरवाल (सह आचार्य शस्य विज्ञान) ने, ट्राइकोडर्मा इकाई में डॉ. डीएल यादव (सहायक आचार्य पादप रोग विज्ञान), जैविक खेती परियोजना में सुशीला कलवानियां, डाॅ. अंजू बिजारणिया (वरिष्ठ अनुसंधान अध्येता) ने शहद प्रसंस्करण इकाई का अवलोकन करवाया।  साथ ही प्रायोगिक जानकारी भी दी। गोयल ग्रामीण विकास संस्थान द्वारा संचालित जैविक कृषि अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केन्द्र, कैथून में पवन कुमार टांक ने जैविक खेती इकाई एवं प्रक्षेत्र भ्रमण करवाकर प्रायोगिक जानकारी दी।

रासायनिक खेती के दुष्प्रभाव भी बताए

प्रशिक्षण प्रभारी डॉ. घनश्याम मीना ने कृषकों को प्राकृतिक खेती इकाई, वर्मीकम्पोस्ट इकाई, डेयरी इकाई, अजोला इकाई, नेपियर एवं बकरी पालन प्रदर्शन इकाइयों का भ्रमण कराया। डाॅ. मीणा ने प्रशिक्षण के दौरान बताया कि आजकल खेती में रासायनिक उर्वरकों, कीटनाशकों एवं खरपतवार नाशकों के अंधाधुंध प्रयोग से किसानों की मिट्टी जहरीली हो गई है। इसका दुष्प्रभाव मनुष्यों पर एवं पशु-पक्षियों पर दिखने लगा है। अभी मनुष्यों में कम उम्र में उच्च रक्तचाप, निम्न रक्तचाप, मधुमेह, कैंसर और हृदयाघात तथा पशुओं में बांझपन एवं बच्चेदानी बाहर निकलना, गर्भ न ठहरना आदि बहुत अधिक समस्याएं आने लगी हैं। अतः इन सबसे बचने के लिए प्राकृतिक खेती में काम आने वाले उपादान तैयार करने व उपयोग की महत्वपूर्ण जानकारी दी।

प्रशिक्षार्थियों का मूल्यांकन भी किया

समापन समारोह पर राम सिंह चौधरी, कृषि अधिकारी, कार्यालय संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार ने प्रशिक्षणार्थियों को उर्वरक एवं बीज विक्रय करते समय रखने वाली सावधानियों, लाइसेंस प्रक्रिया स्टाक निर्धारण करने एवं कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण पत्र एवं बैग वितरित किए। इस दौरान प्रशिक्षार्थियों का मूल्यांकन भी किया गया।

इंदिरा यादव ने धन्यवाद ज्ञापित किया

कार्यक्रम के समापन पर प्रशिक्षण की सह प्रभारी इंदिरा यादव ने आए हुए अतिथियों, प्रतिभागियों, सभी सहयोगी कर्मचारियों व अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

15 दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान केन्द्र के तकनीकी सहायक महेन्द्र चौधरी, वरिष्ठ अध्येता अनुसंधान दीपक कुमार, चन्द्र प्रकाश शृंगी, विकास ताखर, लोकेश प्रजापत व रामप्रसाद ने सहयोग दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.