April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

बच्चे बोले-मैडम स्कूल में गुटखा खाती हैं, मेकअप करके पूछती हैं, कैसी लग रही हूं… टीम की जांच के बाद कक्षा में कुर्सी पर पैर रखकर सोने वाली शिक्षिका निलम्बित

बच्चे बोले-मैडम स्कूल में गुटखा खाती हैं, मेकअप करके पूछती हैं, कैसी लग रही हूं… टीम की जांच के बाद कक्षा में कुर्सी पर पैर रखकर सोने वाली शिक्षिका निलम्बित

एनसीआई@अलवर

राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, गाजुका की एक शिक्षिका का कक्षा में कुर्सी पर पैर रखकर सोते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो शिक्षा विभाग में हड़कम्प मच गया। इस पर एक विभागीय टीम मामले की जांच करने स्कूल में पहुंची। जांच करने झारखेड़ा के प्रधानाचार्य विक्कीराम मीना आए थे।‌ इन्हें जिला शिक्षा अधिकारी नेकीराम ने वॉट्सएप पर वह वीडियो भेजा था, जिसमें शिक्षिका कक्षा में सोते हुए दिख रही हैं।

विक्की राम मीना
विक्की राम मीना

इस जांच में सामने आया कि इन शिक्षिक पर पहले से देरी से आने और स्टाफ को धमकाने के मामले में विभागीय जांच चल रही है। वहीं, विद्यार्थियों ने टीम से शिकायत की कि-मैडम स्कूल में गुटखा खाती हैं, मेकअप करके पूछती हैं, कैसी लग रही हूं? यह महिला शारीरिक शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। जांच टीम की रिपोर्ट के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने उन्हें निलम्बित कर दिया। जांच में इस शिक्षक की गलती सामने आई। बार-बार जानबूझकर गलतियां करने की रिपोर्ट मिली।

पहले से 3 मामलों में चल रही जांच

स्कूल के हेड मास्टर राजेश योगी ने बताया- भावना चौधरी (47) यहां फिजिकल टीचर हैं। उनके खिलाफ पहले से 16 सीसीए में 2 और 17 सीसीए में जांच प्रस्तावित हैं। तीनों ही मामले स्टाफ से अभद्र व्यवहार करने और समय पर स्कूल नहीं आने के हैं। ये मैडम अभद्र व्यवहार करती हैं। दूसरे शिक्षकों से गलत बोलती हैं। देरी से आती हैं। इस पर उनसे कुछ कहा जाए तो धमकी देती हैं। इस स्कूल में 280 बच्चे पढ़ते हैं।‌ इन्हें पढ़ाने के लिए यहां 12 शिक्षक-शिक्षिकाएं नियुक्त हैं।

आरोपी शिक्षिका ने स्टाफ की साजिश बताया

अपनी सफाई में भावना चौधरी ने कहा कि सभी आरोप झूठे हैं। उनके पैरों में तकलीफ है। जिसका इलाज चल रहा है। कई बार दर्द तेज हो जाता है। इस कारण कुर्सी पर पैर रख लिए। इस बीच स्टाफ के किसी सदस्य ने वीडियो बना लिया। यह एक तरह से स्टाफ की साजिश है। बच्चों की पिटाई के आरोप पर भावना चौधरी ने कहा कि वे स्कूल ड्रेस नहीं पहनकर आने वाले बच्चों को डांटती हैं। गाली- गलौच करने के आरोप को उन्होंने गलत बताया। साथ ही कहा कि, पैरों में तकलीफ हो रही थी, इसलिए आराम कर लिया।

स्टाफ ने कहा- बर्ताव अच्छा नहीं है

जांच में स्टाफ ने कहा- पीटीआई मैडम बिल्कुल नहीं पढ़ाती हैं। सबसे गलत बर्ताव करती हैं। बच्चों को बेवजह परेशान करती हैं। आए दिन स्कूल का माहौल खराब करती हैं। कुर्सी पर सोती रहती हैं। उन्हें कौन टोकेगा, जो टोकता है उसे धमकाती हैं। कहती हैं कि तुम्हें नौकरी करना सिखा दूंगी। सब अधिकारी मेरे ही हैं। इसलिए हम खुद ही नहीं बोलते हैं। एक ही शिक्षिका ने पूरे स्कूल का माहौल बिगाड़ रखा है। यह सबको पता है। बच्चों से भी चुपके से पूछेंगे तो सब पता चल जाएगा।

कक्षा 8 की एक छात्रा ने कहा-भावना मैडम गाली देकर बात करती हैं। पीछे से आकर अचानक डंडा मारती हैं। कक्षा में गुटखा खाती हैं। फिर वहीं मेकअप कर बच्चों से पूछती हैं ,कैसी दिख रही हूं। सब उनसे डरते हैं। कोई शिकायत नहीं करता है। मन चाहे जब पीट देती हैं। हमेशा गुस्से में रहती हैं। फोन पर भी तेज आवाज में बात करती हैं। इससे स्कूल ‌का माहौल खराब रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.