April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

कोटा और बूंदी में कांग्रेसियों के विशाल प्रदर्शन, बीजेपी नेताओं की राहुल गांधी के खिलाफ की गईं विवादास्पद टिप्पणियों से आक्रोश, बूंदी में फसल खराबे का मुद्दा भी

कोटा और बूंदी में कांग्रेसियों के विशाल प्रदर्शन, बीजेपी नेताओं की राहुल गांधी के खिलाफ की गईं विवादास्पद टिप्पणियों से आक्रोश, बूंदी में फसल खराबे का मुद्दा भी

एनसीआई@कोटा/बूंदी

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा नेता व मंत्रियों द्वारा की गई विवादास्पद टिप्पणियों के खिलाफ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोटा दक्षिण की ओर से शनिवार को केन्द्र सरकार के खिलाफ रैली निकाल कर प्रदर्शन किया गया। यह रैली शॉपिंग सेंटर चौपाटी चौराहे से शुरू हुई। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला दहन भी किया गया।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोटा दक्षिण के अध्यक्ष जोगेन्द्र बीरवाल जोन्टी और जयेश शृंगी के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता केन्द्र की मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। इस मौके पर जोन्टी बीरवाल ने कहा कि मोदी सरकार राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से घबराई हुई है। इन धमकियों से राहुल गांधी और हम सब कांग्रेस कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं।‌ हम और मजबूती से देश के लोगों की आवाज उठाते रहेंगे और भाजपाइयों की सच्चाई देश के सामने लाकर रहेंगे। इन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार के इशारे पर ही राहुल गांधी के खिलाफ अमर्यादित और हिंसक बयानबाजियां की जा रही हैं। इससे जाहिर होता है मोदी सरकार चार राज्यों के चुनावों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए ऐसी राजनीति कर रही है। मोदी सरकार ऐसी टिप्पणियों पर खामोश बैठकर तमाशा देख रही है।‌ इसे कांग्रेसजन बर्दाश्त नहीं करेंगे।

जयेश शृंगी ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा हिंसक बयान और राहुल गांधी पर विवादास्पद बयानबाजी करने वाले नेता कोटा में आकर दिखाएं, उन्हें कांग्रेसियों के विरोध का सामना करना पड़ेगा। कांग्रेसजन इनका मुहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार बैठे हैं।

कभी भी गिर सकती है मोदी सरकार

कांग्रेस नेता प्रमोद त्रिपाठी ने कहा कि राहुल गांधी देश जोड़ने व नफरत मिटाने का काम कर रहे हैं, वही दूसरी ओर मोदी सरकार नफरत व भाईचारा बिगाड़ने का काम कर रही है। कालू मलकानी ने कहा बैसाखी पर बैठी मोदी सरकार कभी भी गिर सकती है।

ये भी रहे शामिल

इस प्रदर्शन के दौरान मुख्य रूप से महिला जिलाध्यक्ष एवं पार्षद शालिनी गौतम, हेमराज गौतम, पार्षद अनुराग गौतम, कपिल शर्मा, ऐश्वर्य शृंगी, गफ्फार हुसैन, सुभाष सैनिक, प्रफुल्ल पाठक, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष विशाल मेवाड़ा, तरुण चतुर्वेदी, मंडल अध्यक्ष श्याम गौतम, संजय जैन, चेतन पारेता, प्रवीण नंदवाना, प्रेमराज पालीवाल, पूर्व पार्षद ज्ञान यादव, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष लाल चन्द सैनी, प्रमोद त्रिपाठी, रेहाना अंसारी, माया जैन, शकुंतला जोशी, शबनम अंसारी, मुकेश चौधरी, खेमराज सिंह, मनोज वर्मा, मयंक शर्मा, प. लोकेश शर्मा, सिद्दीक अंसारी, शिवराज गुर्जर, शशि शर्मा, रोहित व्यास, कमलेश मीणा, केसी मीणा, राहुल पुरसवानी आदि कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे।

बूंदी प्रदर्शन में किसानों की पीड़ा भी छाई रही

मुआवजा नहीं मिलने पर 21 अक्टूबर को होगा बड़ा आंदोलन

बूंदी। राहुल गांधी पर भाजपा नेताओं द्वारा की गई विवादास्पद टिप्पणियों के अलावा अतिवृष्टि से जिले के किसानों को हुए नुकसान का सर्वे करवाकर मुआवजा दिए जाने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से विशाल प्रदर्शन किया गया। इसके बाद राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री के नाम जिला परिषद के सीईओ रवि वर्मा को ज्ञापन सौंपा गया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व जिले के तीनों विधायकों ने किया। इनकी अगुवाई में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया। इसके कलेक्ट्रेट में प्रवेश को लेकर इनकी पुलिस से कुछ देर तकरार हुई। इसी बीच कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए अंदर प्रवेश करने में सफल हो गए। इस बीच धक्का-मुक्की में कलेक्ट्रेट का मुख्य गेट टूट गया।

इससे पूर्व प्रदर्शन को सम्बोधित करते हुए राज्य के पूर्व मंत्री एवं हिंडोली विधायक अशोक चांदना ने कहा कि कोरोना के बाद खून गाढ़ा होने की शिकायत आई थी, लेकिन बिटटू पहले व्यक्ति हैं, जिनका भाजपा में जाने के बाद खून पतला हो गया। इस वजह से वह अनर्गल बयान दे रहे हैं। इससे भाजपा का चाल-चरित्र और चेहरा सामने आ गया। वे जब कांग्रेस में थे, तब वह इस तरह की बात नहीं किया करते थे। उन्होंने कहा कि बीजेपी की वाशिंग मशीन में जिसकी भी धुलाई होती है, वह इस तरह की भाषा का प्रयोग करता है। भाजपा का यही चरित्र है, जो बिटटू का है।

कलेक्टर ने चिट्ठी का नहीं दिया जवाब

विधायक अशोक चांदना ने आगे कहा-पिछले दिनों हुई अतिवृष्टि से हिंडोली-नैनवां सहित जिलेभर की अधिकांश फसलें बर्बाद हो गईं। कई मकान धराशाई हो गए। लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मैंने इस मामले में कलेक्टर को चिट्ठी लिखकर विशेष बैठक बुलाने का आग्रह किया था, मगर इस पर आज तक प्रशासन की ओर से कोई जवाब नहीं आया है। मजबूरन हमें धरना-प्रदर्शन करना पड़ा।

चांदना ने कहा कि सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आपसी विचार-विमर्श कर जिला प्रशासन को एक माह का समय दिया है। इस अवधि में अतिवृष्टि का मुआवजा और अन्य मामलों का निस्तारण नहीं हुआ तो 21 अक्टूबर को बूंदी में विशाल जन आंदोलन किया जाएगा।

राहुल गांधी की छवि खराब कर रही भाजपा

बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व पर सोशल मीडिया के माध्यम से नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की छवि खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल की बढ़ती लोकप्रियता से बीजेपी के नेता घबराए हुए हैं, जो इस तरह की बयानबाजी से उनकी छवी को बिगडने का प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस का कोई नेता-कार्यकर्ता इनकी चालों से घबराने वाला नहीं है। विधायक शर्मा ने भी कहा कि जिले में अधिक वर्षा से फसलों को हुए नुकसान का अब तक सर्वे नहीं कराया गया है। इससे किसानों और अन्य प्रभावितों में रोष व्याप्त है। इसी को लेकर जिला प्रशासन से विशेष बैठक बुलाने का आग्रह किया था, लेकिन जिला प्रशासन के अधिकारियों को किसानों के नुकसान और उनकी परेशानी से कोई लेना देना नहीं है।

कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं करेंगे बर्दाश्त

कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं केशवरायपाटन विधायक सीएल प्रेमी ने कहा कि कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा नेताओं द्वारा जिस तरीके से अनर्गल बयानबाजी की जा रही है। इसे कांग्रेस का कार्यकर्ता कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा- भाजपा का चरित्र जनता के सामने आ चुका है। जनता सब जान चुकी है। भाजपा बदले की भावना से काम कर रही है। देश के सामाजिक सौहार्द के ताने-बाने को बिगाड़ने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बूंदी जिले में अतिवृष्टि से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। कई मकान बारिश के कारण ध्वस्त हो चुके हैं, किसानों की फसलें बर्बाद हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन इसे लेकर बिलकुल गम्भीर नहीं है। केसीसी के नाम पर बैंक किसानों से बीमा राशि तो वसूल रहे हैं, लेकिन किसानों को मुआवजा नहीं दे पा रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन को चेतावनी दी-जल्द से जल्द प्रशासन किसानों के हुए नुकसान का सर्वे करवा कर मुआवजा देने का काम करे, अन्यथा कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता किसानों के साथ मिलकर सड़क पर विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।

गेट तोड़ ‌कर अंदर घुसे कांग्रेसी

इससे पूर्व कलेक्ट्रेट में घुसने के लिए मशक्कत करने के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं को चोटें भी आ गईं थीं, जिनका उपचार करवाया गया।

इसके पहले कांग्रेसियों ने कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर ही जिला प्रशासन के प्रतिनिधि को भेजे जाने की मांग की, लेकिन वहां कोई नहीं पहुंचा। इसके बाद विधायक अशोक चांदना सहित पार्टी पदाधिकारी आक्रोशित हो गए और पुलिस से तकरार शुरू हो गई। कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट को लगाकर पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकरियों को रोकने का प्रयास किया। लेकिन, कार्यकर्ताओं की भीड़ मुख्य गेट को तोड़ते हुए अंदर प्रवेश कर गई। वहां तीन थाना अधिकारियों सहित भारी भरकम पुलिस और आरएसी के जवानों का लवाजमा तैनात था। दूसरी ओर बाहर रह गए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने लाठियां फटकार कर खदेड़ा।

ये कांग्रेसी भी रहे मौजूद

इस दौरान पूर्व जिला प्रमुख महावीर मीणा, पूर्व प्रधान श्योपाल मीणा, रामअवतार शर्मा, अमृत लाल गुर्जर, आनंदीलाल मीणा, दिनेश बड़ोदिया, समृद्ध शर्मा, भारत सिंह सोलंकी, संदीप पुरोहित, ब्लॉक अध्यक्ष सर्वजीत सिंह, बूंदी ब्लॉक अध्यक्ष राम किरण मीणा, ब्लॉक अध्यक्ष प्रेम शंकर राठौर, मोडूलाल वर्मा, एडवोकेट महावीर मीणा, एडवोकेट चंद्रशेखर शर्मा, देवराज गोचर, जगरूप सिंह रंधावा, चर्मेश शर्मा, नवेद केसर लखपति, राजीव लोचन गौतम, जितेन्द्र शर्मा, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष निशांत नुवाल, यासीन कुरेशी, लक्ष्मण बैरवा, जयकुमार बैरवा, मंडल अध्यक्ष इमरान देशवाली, आशुतोष शर्मा, राकेश चांदना आदि भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.