April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

सांसद मुरारी लाल मीणा का न्यायिक व्यवस्था पर बड़ा आरोप, कहा- सुप्रीम कोर्ट में जजों के चयन के लिए खुली परीक्षा होनी चाहिए, कॉलेजियम से बने जज बड़े नेताओं को खुश करते हैं

सांसद मुरारी लाल मीणा का न्यायिक व्यवस्था पर बड़ा आरोप, कहा- सुप्रीम कोर्ट में जजों के चयन के लिए खुली परीक्षा होनी चाहिए, कॉलेजियम से बने जज बड़े नेताओं को खुश करते हैं

एनसीआई@दौसा

दौसा सांसद मुरारीलाल मीणा ने सुप्रीम कोर्ट में कॉलेजियम सिस्टम पर गम्भीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा- कॉलेजियम से बनने वाले जज बड़े नेताओं को खुश रखने के लिए उनकी ही बात करते हैं। सुप्रीम कोर्ट में जजों के चयन के लिए खुली परीक्षा होनी चाहिए। ईमानदारी से परीक्षा के जरिए चयनित होने वाला किसी सरकार के दबाव में काम नहीं करेगा।

उल्लेखनीय है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ केन्द्रीय रेलवे राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के दिए बयान के विरोध में शनिवार को दौसा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया था। इस दौरान दोपहर को कलेक्ट्रेट के पास बने शहीद स्मारक पर धरना-प्रदर्शन कर केन्द्रीय मंत्री बिट्टू का पुतला जलाया गया। सांसद मीणा ने इसी कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए यह बात कही।

बीजेपी के लोग बड़े खतरनाक

सांसद मुरारीलाल मीणा ने यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) पर भी जुबानी हमले किए। उन्होंने आरोप लगाया कि, बीजेपी के लोग बड़े खतरनाक हैं। ये लोग राष्ट्रभक्ति की बात करते हैं, आजादी के आंदोलन में कई लाख लोग मारे गए थे, लेकिन बीजेपी के किसी भी कार्यकर्ता ने अंगुली भी नहीं कटवाई थी। बीजेपी पर यह आरोप भी लगा डाला कि, ये तनख्वाह पर अंग्रेजों के लिए सीआईडी करते थे। नौकर बनकर सूचनाएं लीक करते थे। बीच में इनका मामला चल गया था, लेकिन जनता अब फिर से समझ चुकी है कि कांग्रेस और राहुल गांधी का एजेंडा क्या है।

मोदी के इशारे पर राहुल के खिलाफ दे रहे बयान

मीणा ने कहा- यदि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वास्तव में देश हित की बात करते हैं तो राहुल गांधी पर बयानबाजी करने वाले नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। यदि कार्रवाई नहीं कर रहे हैं तो स्पष्ट है कि उनके इशारे पर ही राहुल गांधी के खिलाफ बयान दिए जा रहे हैं। वो जानबूझकर देश का माहौल खराब करा रहे हैं। बुलडोजर कार्रवाई रोकने का सुप्रीम कोर्ट को आदेश देना पड़ा।

भाजपा का मुखिया चाहता है आतंकवाद फैले

मुरारीलाल मीणा ने कहा- भाजपा के कार्यकर्ताओं में मानवता नहीं है। ये केवल जाति और धर्म के नाम पर विवाद पैदा करके झगड़ा फैलाकर सत्ता प्राप्त करना चाहते हैं। जब उनका मुखिया ही ऐसा है तो नेता भी उसी राह पर हैं। उनका मुखिया चाहता है कि देश का वातावरण खराब हो और आतंकवाद फैले। आतंकवाद तो ये खुद फैला रहे हैं और नाम हमारा लग रहा है।

उनके प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष और कार्यकर्ता उल्टा काम कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में हम सबको मिलकर भाजपा का डटकर मुकाबला करना होगा। ये अब भ्रमित हो रहे हैं। नरेन्द्र मोदी 15 साल तक मुख्यमंत्री और 10 साल प्रधानमंत्री रहे तो कभी किसी ने सामना नहीं किया और प्रतिपक्ष ने भी कोई जवाब नहीं दिया। वे पहली बार अपने आप को असहाय महसूस कर रहे हैं। लोकसभा में मोदी को पानी पिला रखा है।

भाजपा की हालत पूरी तरह खराब

दौसा सांसद ने आगे कहा- आने वाले दिनों में होने वाले उप चुनाव को लेकर सभी को सजग रहना होगा, क्योंकि इस बार भाजपा की पूरी तरह हालत खराब है। हरियाणा और महाराष्ट्र में तो विदाई होने वाली है। दौसा में सभी कार्यकर्ताओं की सहमति और इकाई अध्यक्षों से बात करने के बाद ही टिकट फाइनल किया जाएगा।

अभी टिकट मांगने वाले सभी दावेदार पार्टी की नजर में हैं, इसलिए अच्छी भीड़ के साथ मीटिंग आयोजित करवाना। भाजपा मंडल स्तर पर विधायकों को तैनात कर रही है। लेकिन हमारा एक-एक कार्यकर्ता उनके विधायकों के बराबर है। यदि हम सभी कार्यकर्ता मजबूती से खड़े रहेंगे तो बीजेपी को चुनाव कभी नहीं जीतने देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.