कोटा में चालान काटने से गुस्साए ट्रेलर ड्राइवर ने आरटीओ इंस्पेक्टर को कुचल दिया, मौके पर ही मौत, विभाग की गाड़ी का ड्राइवर गम्भीर घायल
एनसीआई@कोटा
कोटा-झालावाड़ नेशनल हाईवे 52 पर मंडाना इलाके के गोपालपुरा माताजी 8 लाइन टोल प्लाजा के पास शनिवार सायं 7 बजे करीब एक बड़ी वारदात हो गई। यहां एक ट्रेलर ड्राइवर ने आरटीओ इंस्पेक्टर को कुचलकर मार डाला। आरोपी ड्राइवर उसकी गाड़ी का चालान बनाए जाने से आक्रोशित था। इसी के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया।

इस वारदात में ट्रेलर के टायर आरटीओ इंस्पेक्टर नरेश बरवाल (38), निवासी कुन्हाड़ी, कोटा के पेट के ऊपर से गुजर गए थे। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई, वहीं परिवहन विभाग की बोलेरो गाड़ी का ड्राइवर देवेन्द्र गम्भीर घायल हो गया। डीएसपी राजेश ढाका ने बताया कि पुलिस ने घायल ड्राइवर को अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
आरटीओ इंस्पेक्टर के साथ मौजूद गार्ड अरविंद प्रसाद ने बताया कि ट्रेलर का ड्राइवर गाड़ी को लहराता हुआ चित्तौड़गढ़ की तरफ से झालावाड़ जा रहा था। ऐसे में फ्लाइंग दस्ते में मौजूद बोलेरो ड्राइवर देवेन्द्र ने ट्रेलर ड्राइवर का फोटो खींचा और आरटीओ इंस्पेक्टर नरेश बरवाल ने चालान बना दिया।

इसके कुछ देर बाद ड्राइवर वापस ट्रेलर लेकर आया। उस दौरान आरटीओ इंस्पेक्टर नरेश बरवाल सड़क पर खड़े हुए थे। ड्राइवर ने आरटीओ इंस्पेक्टर के ऊपर ट्रेलर चढ़ाने की कोशिश की। इस पर बोलेरो ड्राइवर ने गाड़ी को किसी तरह इधर-उधर किया, ट्रेलर ड्राइवर ने इंस्पेक्टर पर गाड़ी चढ़ा दी। इसके बाद वह बोलेरो को टक्कर मारता हुआ आगे निकल गया। अरविंद के अनुसार, ये लोग घायल इंस्पेक्टर को संभालने में लग गए। इस बीच ड्राइवर ट्रेलर छोड़कर फरार हो गया।

छह महीने पहले ही कोटा में हुई थी पोस्टिंग
कोटा आरटीओ मनीष शर्मा ने बताया कि नरेश बरवाल की 6 महीने पहले ही कोटा में पोस्टिंग हुई थी। उनके साथ फ्लाइंग दस्ते में एक ड्राइवर और दो गार्ड मौजूद थे। टीम NH 52 पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। जिस जगह यह घटना हुई, वो टोल प्लाजा से 200 मीटर दूरी पर है। इसकी सूचना मिलने पर एसपी ग्रामीण सुजीत शंकर सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर नरेश की पत्नी डोली खटीक सरकारी शिक्षक हैं। इनकी 5 व 2 वर्षीय बेटियां हैं।
