अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ ने नए जिलों व सम्भागों के गठन पर दी यह प्रतिक्रिया, मुख्यमंत्री को दिया यह संदेश
एनसीआई@बूंदी
राजस्थान में 19 नए जिले और 3 सम्भाग बनाने की घोषणा का अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ ने समर्थन करते हुए इस फैसले पर खुशी जताई है। साथ ही इसे राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए ऐतिहासिक फैसला बताया है
अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ बूंदी के संरक्षक पुरुषोत्तम पारीक ने एक विज्ञप्ति में कहा है कि नए जिले और संभाग बनाने का मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा लिया गया निर्णय प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण के लिए मील का पत्थर साबित होगा। पारीक ने इस निर्णय को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर उनका आभार भी जताया है।
पारीक ने कहा है कि प्रदेश के इतिहास में आज तक इतने बड़े पैमाने पर प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण की घोषणा नहीं हुई। यह प्रथम अवसर है जब राज्य सरकार ने जन भावनाओं का सम्मान करते हुए 19 नए जिलों और 3 नए सम्भागों की घोषणा की है। यह कदम प्रदेश के विकास के लिए मील का पत्थर बनेगा। नए जिलों और सम्भाग के गठन से प्रशासनिक ढांचा मजबूत होने के साथ ही विकास कार्यक्रमों के साथ योजनाओं के क्रियान्वयन में आसानी होगी।
पारीक ने कहा है कि इन जिलों और संभाग में नए पदों का सृजन होगा। इससे न केवल रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे, बल्कि प्रदेश का सामाजिक, आर्थिक और आधारभूत विकास भी तीव्र गति से सम्भव हो सकेगा। आमजन तक प्रशासन की सुगम पहुंच सुनिश्चित होगी। साथ ही जनकल्याण के कार्यों को धरातल पर साकार करना अधिक सरल होगा। पारीक के अनुसार इस घोषणा से राज्य की जनता के साथ कर्मचारियों व अधिकारी वर्ग में भी खुशी का माहौल है।
