मुम्बई पुलिस ने मुहर्रम जुलूस के दौरान जहरीले केप्सूल बांट कर सैकड़ों-हजारों की जान लेने की कथित साजिश का पर्दाफाश करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी फैयाज प्रेमजी पेन किलर अर्थात दर्द से राहत देने वाले केप्सूल के नाम पर लोगों को चूहे मारने वाला जहर जिंक फॉस्फाइड से भरे केप्सूल बांट रहा था।
एनसीआई@मुम्बई
मुम्बई पुलिस ने मुहर्रम जुलूस के दौरान जहरीले केप्सूल बांटने की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने इस मामले में फैयाज प्रेमजी नाम के एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। यह पुणे का निवासी है। पुलिस के मुताबिक आरोपी बिना अनुमति के पेन किलर अर्थात ‘दर्द से राहत’ के नाम पर लोगों को केप्सूल बांट और बेच रहा था। एक व्यक्ति की यह केप्सूल खाने से तबीयत बिगड़ी तो बवाल हुआ। मुम्बई पुलिस के मुताबिक जेजे और भायखला इलाके से मोहर्रम का जुलूस गुजर रहा था, जहां आरोपी लोगों को केप्सूल बांट रहा था। पुलिस पेट्रोलिंग टीम ने फैयाज को केप्सूल वितरित करते हुए देखा। शक होने पर पुलिस ने उससे पूछताछ की और उसके पास मौजूद केप्सूल जब्त कर लिए।
डीसीपी सेंट्रल रीजन जोन-1 जयंत मीणा ने बताया, ‘बीती रात भायखला पुलिस स्टेशन की सीमा में मुहर्रम का जुलूस निकाला जा रहा था। जुलूस के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति लोगों को केप्सूल बांटता और बेचता हुआ दिखाई दिया। संदेह होने पर मुम्बई पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने उससे पूछताछ की और उसके पास से केप्सूल का स्टॉक बरामद किया।’ पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया है कि उसने खासतौर पर मुहर्रम जुलूस को निशाना बनाया और इसमें शामिल होने वाले लोगों को नुकसान पहुंचाने की मंशा रखता था।
फैयाज ने 50 KG जिंक फॉस्फाइड मंगाया था
डीसीपी जयंत मीणा ने कहा, ‘पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने कुल 30 हजार खाली केप्सूल और 50 किलो जिंक फॉस्फाइड (चूहे मारने वाला जहरीला केमिकल) मंगवाया था, जो बेहद जहरीला पदार्थ है।’ पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान पुणे निवासी फैयाज प्रेमजी के रूप में हुई है, जो पेंट का कारोबार करता है और बीबीए ग्रेजुएट है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि उसने कई दिनों तक अपने ठिकाने पर केप्सूलों में जहर भरने का काम किया। पुलिस का कहना है कि केप्सूल खाने वाले सलमान सैयद नाम के व्यक्ति की तबीयत बिगड़ गई थी। उसे पेट दर्द और उल्टी की शिकायत के बाद इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहर देने और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
भायखला पुलिस ने आरोपी के पास से 14 हजार 900 जहरीले केप्सूल बरामद किए हैं। प्रत्येक कैप्सूल में करीब एक ग्राम जिंक फॉस्फाइड मिलाया गया था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी गत वर्ष 2025 में कई बार ईरान और इराक गया था. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। इस मामले में उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 110 और 123 के तहत जहर देने और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि फैयाज प्रेमजी शिया खोजा मुस्लिम समुदाय से सम्बंध रखता है।
आरोपी एक साल में 19 बार ईरान-इराक गया
फैयाज की बहन ईरान में फिजियोथेरेपिस्ट है, जबकि उसकी मां भी ईरान में ही रहती हैं। उसका तलाक हो चुका है। जांच में यह भी सामने आया है कि वर्ष 2019 से 2025 के बीच फैयाज कई बार ईरान और इराक की यात्रा कर चुका है। पुलिस के मुताबिक पिछले एक साल में ही वह 19 बार ईरान और इराक गया। फैयाज प्रेमजी पुणे के विमान नगर इलाके में रहता है, जहां उसका पेंट का कारोबार है। मुम्बई आने के दौरान वह डोंगरी इलाके के एक गेस्ट हाउस और डॉरमेट्री में ठहरा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसकी ईरान और इराक की यात्राओं का उद्देश्य क्या था और क्या आरोपी किसी के प्रभाव में था या किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था। हालांकि, फिलहाल किसी आतंकी संगठन से उसके सम्बंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और जांच जारी है। फिलहाल पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन, डिजिटल रिकॉर्ड, वित्तीय लेनदेन और सम्पर्कों की गहन जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस साजिश में कोई अन्य व्यक्ति या संगठन शामिल था या नहीं।
