गृह प्रवेश कार्यक्रम में बहन के घर जा रहे दो भाइयों को ट्रक ने मारी टक्कर, मौत
एनसीआई@सीकर
बाइक पर जा रहे दो चचेरे भाइयों को ओवरटेक करने के प्रयास में एक ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे दोनों की मौत हो गई। ये दोनों बहन के यहां गृह प्रवेश का कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। दोनों अपने परिवार के इकलौते पुत्र थे। यह हादसा जिले के फतेहपुर-चूरू हाईवे पर मोदी राजकीय कॉलेज के सामने शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हुआ।
डीएसपी राजेश कुमार विद्यार्थी ने बताया कि अजय (18) पुत्र तिलोकचंद मेघवाल और कमल (19) पुत्र सुरेश कुमार चाचा-ताऊ के लड़के थे। ये फतेहपुर के खरीनटा रामगढ़ के रहने वाले थे। शुक्रवार दोपहर बाइक से दिनारपुरा गांव अपनी बहन के यहां गृह प्रवेश कार्यक्रम में जा रहे थे। रास्ते में मोदी राजकीय कॉलेज के सामने एक ट्रक ने ओवरटेक करने के चक्कर में उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे दोनों सड़क पर गिर गए। इस हादसे में अजय ने तो मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं कमल गम्भीर रूप से घायल हो गया।

पूर्व सरपंच ने पहुंचाया अस्पताल
इस दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के साथ मौके पर पूर्व सरपंच मोहनलाल भी पहुंचे। उन्होंने अपनी गाड़ी से कमल को धानुका हॉस्पिटल भिजवाया। मगर हालत गम्भीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे सीकर रेफर कर दिया। सीकर अस्पताल पहुंचने से पहले ही कमल की मौत हो गई। उधर, पुलिस ने ट्रक को जब्त कर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।
कैमरा लेकर जा रहे थे प्रोग्राम कवर करने
दोनों चचेरे भाई अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। दोनों की एक-एक छोटी बहन है। ये दोनों दोस्त की तरह साथ रहते थे। कमल ने 12 वीं कक्षा पास करने के बाद फोटोग्राफी का काम शुरू किया था। वहीं एक दिन पहले ही उसने परिवार से कॉलेज के लिए प्राइवेट फार्म भरने की बात कही थी। वहीं अजय 12 वीं में पढ़ाई कर रहा था। दोनों के ताऊ की लड़की के नए घर का प्रोग्राम था। वहां ये फोटो खींचने के लिए कैमरा लेकर जा रहे थे।
