April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का पद सम्भालते ही सीपी जोशी ने किया यह बड़ा दावा

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का पद सम्भालते ही सीपी जोशी ने किया यह बड़ा दावा

एनसीआई@जयपुर

राजस्थान बीजेपी के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष चंद्र प्रकाश (सीपी) जोशी ने सोमवार को पदभार ग्रहण कर लिया। चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी दिल्ली से अपने समर्थकों के साथ सोमवार सुबह 7 बजे सड़क मार्ग से जयपुर के लिए रवाना हुए थे। इस दौरान शाहजहांपुर बॉर्डर पर उनका बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।

नए प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने मंच से सम्बोधित करते हुए कहा- आप सभी को मेरी कसम है, कभी मेरे लिए नारे नहीं लगाएं। मैं आप सभी की तरह आम कार्यकर्ता हूं। पार्टी को किसी कार्यकर्ता को जिम्मेदारी देनी थी, इसलिए मुझे अध्यक्ष बनाया गया है। अध्यक्ष की एक भूमिका होती है, लेकिन हम सब मिलकर काम करेंगे। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के फॉर्च्यूनर गाड़ी में बैठने जितने विधायक भी नहीं आएंगे।

सीपी जोशी ने कहा- मुझे लोगों ने कहा था कंधे पर बिठाकर प्रदेश कार्यालय में लेकर चलते हैं। मैंने मना कर दिया। उनसे कहा- आज तक जैसे आम कार्यकर्ताओं की तरह धक्के खाए हैं, वैसे ही धक्के आज भी खाने दो। इसी में असली मजा है।

सतीश पूनिया ने मंच से ढोक लगा कर आभार जताया

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान सतीश पूनिया ने मंच से ढोक लगा कर लोगों का आभार जताया। इस दौरान पूनिया ने कहा- सीपी जोशी नवरात्रि और मैं श्राद्ध में प्रदेश अध्यक्ष बना। लोग कहते थे कि तू ज्यादा नहीं चलेगा, लेकिन मुझ पर आशीर्वाद रहा।

इससे पहले नीमराणा, बहरोड़, कोटपुतली विराट नगर, पावटा, शाहपुरा, चंदवाजी, आमेर और जयपुर शहर में स्थित खोल के हनुमान जी, ट्रांसपोर्ट नगर चौराहा, धर्मसिंह सर्किल, त्रिमूर्ति सर्किल, स्टेच्यू सर्किल पर स्वागत कार्यक्रम में शामिल होने के बाद जोशी बीजेपी मुख्यालय पहुंचे। जयपुर ग्रामीण सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौर, सीपी जोशी की गाड़ी चला रहे थे। अलवर सांसद बाबा बालकनाथ ने बीजेपी के नवनियुक्त अध्यक्ष सीपी जोशी को गाड़ी पर चढ़कर दी बधाई।

जयपुर में भाजपा ऑफिस पहुंचे नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने पदभार ग्रहण करने से पहले पूजा-अर्चना की। पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया भी उनके साथ मौजूद रहे। उन्होंने जोशी को पदभार ग्रहण कराया। इस दौरान पार्टी के राजस्थान प्रभारी अरुण सिंह, केन्द्रीय मंत्री कैलाश चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।

इन प्रमुख नेताओं में अरुण चतुर्वेदी, ओम माथुर, महेश शर्मा, उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, बारां-झालावाड़ सांसद दुष्यंत सिंह, मनोज राजोरिया, सह प्रभारी विजया रहाटकर आदि शामिल रहे। ताजपोशी में आला नेताओं के साथ प्रदेश भर के कार्यकर्ता भी शामिल हुए। पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उपस्थिति दर्ज कराई।

पोस्टर से गायब हुए सतीश पूनिया

राजस्थान बीजेपी मुख्यालय के बाहर लगे पोस्टर से अब सतीश पूनिया की फोटो हट गई है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पोस्टर में अब भी बरकरार हैं। सीपी जोशी की ताजपोशी से पहले ही बीजेपी मुख्यालय के बाहर नए पोस्टर लगाए गए हैं। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ राजस्थान बीजेपी के नवनियुक्त अध्यक्ष सीपी जोशी और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को जगह दी गई है। इसे लेकर सियासी हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

24 जनवरी को सतीश पूनिया के कार्यकाल के दौरान पहली बार पार्टी मुख्यालय पर लगे बड़े होर्डिंग्स में राजे को जगह दी गई थी। उसके बाद से ही राजस्थान की राजनीति में बदलाव को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया था।

राजस्थान में सतीश पूनिया के अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी मुख्यालय पर लगे होर्डिंग्स से वसुंधरा राजे की तस्वीर को हटा दिया गया था। इस साल जनवरी में जब बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के राजस्थान दौरे पर आए, तब एक बार फिर वसुंधरा राजे की तस्वीर को बीजेपी मुख्यालय में लगे होर्डिंग्स में शामिल किया गया था। उस वक्त से ही राजस्थान की राजनीति में बदलाव की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। पिछले 3 साल से बीजेपी मुख्यालय पर लगे होर्डिंग्स में बरकरार रहने वाले सतीश पूनिया की तस्वीर को हटा दिया गया है।

कांग्रेस के दिग्गज नेता को चुनाव हराया

सीपी जोशी चित्तौड़गढ़ से दो बार लोकसभा पहुंचे हैं। वह पहले 2014 में फिर 2019 में इस सीट से चुनाव जीते। 2014 के आम चुनाव में उन्होंने कांग्रेस की सीनियर नेता गिरिजा व्यास को हराया था। जोशी भाजपा की युवा इकाई भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। वह बीजेपी राजस्थान के 15वें अध्यक्ष और 7वें ब्राह्मण अध्यक्ष बने हैं। इससे पहले हरिशंकर भाभड़ा, भंवरलाल शर्मा, ललित किशोर चतुर्वेदी, महेश चंद्र शर्मा, रघुवीर सिंह कौशल और अरुण चतुर्वेदी ब्राह्मण प्रदेशाध्यक्ष रहे हैं। अध्यक्ष बदलने के बाद भाजपा के सामने अब नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन बड़ी चुनौती होगी।

कटारिया की कमी को दूर करेंगे सीपी

सीपी जोशी को प्रदेशाध्यक्ष बनाकर बीजेपी ने मेवाड़ को साधने की कोशिश की है। मेवाड़ में ब्राह्मण और वैश्य बीजेपी का बड़ा वोट बैंक है। उदयपुर से विधायक रहे गुलाबचंद कटारिया को असम का राज्यपाल बनाए जाने के बाद मेवाड़ में बीजेपी के पास कोई प्रभावी नेता नहीं रह गया था।

ऐसे में जोशी को नई जिम्मेदारी देकर बीजेपी ने इस बेल्ट में खुद को मजबूत बनाने का प्रयास किया है। उदयपुर, राजसमंद, चित्तौड़गढ़ और बांसवाड़ा जिलों में ब्राह्मण और वैश्य वर्ग का खासा वोट बैंक है।

42 में से 22 साल ब्राह्मण अध्यक्ष

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष बनाए गए सीपी जोशी ने रविवार को जयपुर में हुई विप्र महापंचायत में हिस्सा लिया था। उन्होंने महापंचायत में सनातन की रक्षा के साथ समाज हित में काम करने और समाज के नेताओं की बेवजह आलोचना नहीं करने की सीख दी थी। अब उन्हें ​​​​प्रदेशाध्यक्ष बनाकर बीजेपी ने ब्राह्मण मतदाताओं को संदेश देने की कोशिश की है।

ब्राह्मण बीजेपी का सबसे बड़ा कोर वोटर रहा है। ऐसे में इस बड़े वर्ग को साधने के हिसाब से इस नियुक्ति को अहम माना जा रहा है। बीजेपी के पिछले 42 साल से ज्यादा के इतिहास में राजस्थान में 22 साल से ज्यादा प्रदेशाध्यक्ष इसी वर्ग से रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.